देवल, ब्यूरो चीफ,सोनभद्र। उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार संगठन के पदाधिकारियों ने विद्युत समस्याओं को लेकर विद्युत वितरण खंड कार्यालय पर जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान उन्होंने समस्याओं का शीघ्र समाधान न होने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी दी। संगठन के प्रतिनिधिमंडल ने अधिशासी अभियंता ओपी गुप्ता से मिलकर विभिन्न समस्याओं से अवगत कराया। जिला अध्यक्ष कौशल शर्मा ने स्मार्ट मीटर व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि यह सुविधा के बजाय परेशानी का कारण बनती जा रही है, अचानक बैलेंस शून्य दिखाकर बिना सूचना के बिजली काट दी जा रही है और रिचार्ज अपडेट न होने की शिकायतें आम हो गई हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि पुराने बकाए को बिना स्पष्ट जानकारी के बिल में जोड़ा जा रहा है और नियम के विपरीत उपभोक्ताओं से केबल मंगाकर कनेक्शन दिए जा रहे हैं। नगर अध्यक्ष प्रशांत जैन ने कहा कि शिकायतों का समय पर निस्तारण नहीं हो रहा है और जर्जर खंभे व लटकते तार हादसों को न्योता दे रहे हैं, जिससे बारिश के मौसम में खतरा और बढ़ जाएगा। जिला महामंत्री प्रितपाल सिंह ने 1912 हेल्पलाइन के सही ढंग से काम न करने की बात कही, वहीं कोषाध्यक्ष शरद जायसवाल ने छोटे बकायेदारों पर सख्ती और बड़े बकायेदारों को छूट देने का आरोप लगाते हुए इसे दोहरा मापदंड बताया। पदाधिकारियों ने सोलर बिजली समायोजन न होने, खुले में रखे ट्रांसफार्मरों, झटपट योजना में अनियमितता और कनेक्शन कटने के बावजूद बिल आने जैसी समस्याएं भी उठाईं। प्रदर्शन में कौशल शर्मा, प्रितपाल सिंह, प्रशांत जैन, शरद
जायसवाल, जसकीरत सिंह, रवि जायसवाल, राजू जायसवाल, धर्मेंद्र प्रजापति, अमित केसरी, विनोद जायसवाल, नागेंद्र मोदनवाल सहित कई व्यापारी मौजूद रहे।
.jpeg)