देवल, ब्यूरो चीफ,शक्तिनगर, सोनभद्र। शक्तिनगर मुख्य मार्ग स्थित खड़िया बाजार से परसवार राजा रेलवे ओवरब्रिज के पास सड़क की हालत बेहद खराब और खतरनाक हो गई है। सड़क पर गहरे गड्ढे और बड़ी-बड़ी दरारें पड़ जाने से यह मार्ग दुर्घटनाओं का कारण बनता जा रहा है, जहां आए दिन बाइक सवारों के टायर फंसने से लोग गिरकर घायल हो रहे हैं। खासकर रात के समय यह खतरा कई गुना बढ़ जाता है। ओवरब्रिज के नीचे सड़क की स्थिति सबसे ज्यादा जर्जर है, जहां डामर पूरी तरह उखड़ चुका है और भारी वाहनों के दबाव से गहरी दरारें बन गई हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि कई बार शिकायत के बावजूद अब तक मरम्मत नहीं कराई गई, जबकि इस मार्ग पर कोयला और अन्य भारी वाहनों का लगातार आवागमन जारी है। लोगों ने संबंधित विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए मांग की है कि तत्काल सड़क की मरम्मत कर दरारों को भरा जाए और ओवरलोडिंग वाहनों पर सख्ती की जाए, ताकि संभावित हादसों पर रोक लगाई जा सके।
.jpeg)