आमिर, देवल ब्यूरो ,जौनपुर। जिले के मड़ियाहूं कोतवाली क्षेत्र के मुकुंदपुर गांव में शनिवार की रात एक बेहद दर्दनाक और चौंकाने वाली घटना सामने आई, जहां नशे में धुत एक पति ने अपनी ही पत्नी की पीट-पीटकर हत्या कर दी। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई, वहीं मृतका के मायके पक्ष ने दहेज हत्या का गंभीर आरोप लगाया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गांव निवासी शशि पटेल अपनी पत्नी सुनीता पटेल (28 वर्ष) के साथ रात में भोजन करने के बाद अपने कमरे में सोने चला गया। बताया जा रहा है कि शशि शराब पीने का आदी था और घटना के समय भी वह नशे में धुत था। देर रात किसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच विवाद शुरू हो गया, जो देखते ही देखते हिंसक रूप ले लिया।
गुस्से में आकर शशि ने अपनी पत्नी के सिर पर किसी भारी वस्तु से वार कर दिया, जिससे सुनीता की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद घर में कोहराम मच गया। शशि के पिता तिलकधारी पटेल ने ही पुलिस को घटना की सूचना दी।
सूचना मिलते ही मड़ियाहूं कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
बताया जा रहा है कि मृतका के एक 5 वर्षीय पुत्री भी है, जो अब मां के साए से वंचित हो गई है। घटना की जानकारी मिलते ही रविवार सुबह मृतका के मायके पक्ष के लोग भी मौके पर पहुंचे और कोतवाली में हंगामा करते हुए दहेज हत्या का आरोप लगाया।
मृतका के पिता ने पुलिस को दी गई तहरीर में आरोप लगाया है कि उनकी बेटी की शादी वर्ष 2017 में शशि पटेल के साथ हुई थी। शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष द्वारा लगातार दहेज की मांग की जा रही थी और पांच लाख रुपये नकद की मांग को लेकर उनकी बेटी को प्रताड़ित किया जाता था। उनका आरोप है कि इसी दहेज की मांग को लेकर उनकी बेटी की हत्या की गई है।
पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है और पूरे प्रकरण की गहन जांच की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
.jpeg)