आमिर, देवल ब्यूरो ,जौनपुर। जिले के तेजी बाजार थाना क्षेत्र में शनिवार की रात एक सनसनीखेज घटना सामने आई, जहां पशु चोरों के एक गिरोह ने चोरी का विरोध करने पर घर के बाहर सो रहे एक पशुपालक को गोली मार दी। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है और ग्रामीणों में भारी आक्रोश व्याप्त है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, थाना क्षेत्र के ग्राम गड़ाबाग राय सैनी निवासी अवधेश कुमार यादव (35 वर्ष), पुत्र राम आसरे यादव, शनिवार की रात करीब 1 बजे अपने घर के सामने सो रहे थे। इसी दौरान टाटा मैजिक वाहन पर सवार होकर आधा दर्जन से अधिक पशु चोर वहां पहुंचे और पशु चोरी करने का प्रयास करने लगे।
आहट मिलने पर अवधेश की नींद खुल गई। उन्होंने तुरंत चोरी का विरोध किया और शोर मचाकर आसपास के लोगों को बुलाने की कोशिश की। विरोध से बौखलाए पशु चोरों ने उसकी एक न सुनी और फायरिंग शुरू कर दी। इस दौरान चलाई गई गोली अवधेश के बाएं जांघ में जा लगी। गोली लगते ही वह गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़े।
फायरिंग की आवाज सुनकर मौके पर पहुंचे ग्रामीणों में हड़कंप मच गया, जबकि आरोपी मौके से उसी वाहन से फरार हो गए। आनन-फानन में परिजन और ग्रामीण घायल अवधेश को लेकर जिला अस्पताल पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के दौरान चिकित्सकों ने बताया कि गोली जांघ को आर-पार कर गई है। हालत गंभीर देखते हुए डॉक्टरों ने उसे बेहतर इलाज के लिए वाराणसी स्थित बीएचयू ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही शहर कोतवाल विश्वनाथ प्रताप सिंह पुलिस टीम के साथ जिला अस्पताल पहुंचे और घायल से पूछताछ कर घटना की जानकारी ली। उन्होंने पूरे मामले से उच्चाधिकारियों को अवगत कराया।
इस संबंध में तेजी बाजार थानाध्यक्ष भाई लाल पटेल ने बताया कि घटना की पुष्टि हुई है। मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस टीमों को लगाया गया है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
घटना के बाद गांव में भय और आक्रोश का माहौल बना हुआ है। ग्रामीणों ने क्षेत्र में बढ़ती पशु चोरी की घटनाओं पर रोक लगाने और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।
