आमिर, देवल ब्यूरो ,जौनपुर। जनपद के थाना बक्शा क्षेत्र अंतर्गत गढ़ासेनी गांव में रविवार को एक हृदयविदारक घटना सामने आई, जहां 24 वर्षीय युवक की नदी में डूबने से मौत हो गई। इस दर्दनाक हादसे के बाद पूरे गांव में शोक की लहर फैल गई और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, युवक रोज की तरह नदी में नहाने के लिए गया था। नहाते समय वह अचानक गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। आसपास मौजूद लोगों को जब उसकी गतिविधि संदिग्ध लगी और काफी देर तक वह बाहर नहीं आया, तो स्थानीय लोगों ने तुरंत उसकी तलाश शुरू कर दी।
घटना की सूचना मिलते ही ग्राम प्रधान बृजेश निषाद भी मौके पर पहुंच गए। उनके नेतृत्व में ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद युवक को नदी से बाहर निकाला, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी और युवक की सांसें थम चुकी थीं।
सूचना पाकर थाना बक्शा पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।
इस घटना के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है। परिजनों का कहना है कि युवक बेहद सरल स्वभाव का था और उसकी अचानक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
