आमिर, देवल ब्यूरो ,बक्शा ।जौनपुर बक्शा थाना क्षेत्र के गढ़ासैनी गांव में रविवार दोपहर एक हृदयविदारक हादसा हो गया, जहां नदी में नहाने गए एक युवक की गहरे पानी में डूबने से मौत हो गई। इस घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गढ़ासैनी गांव निवासी अंगद सरोज (लगभग 22 वर्ष), पुत्र रामलाल सरोज, गांव से कुछ दूरी पर स्थित नदी में नहाने के लिए गया था। बताया जा रहा है कि नहाते समय वह असावधानीवश गहरे पानी में चला गया और अचानक डूबने लगा।
कुछ देर तक जब युवक पानी में दिखाई नहीं दिया तो वहां मौजूद लोगों को अनहोनी की आशंका हुई। उन्होंने शोर मचाते हुए तत्काल उसकी तलाश शुरू की और ग्रामीण भी मौके पर जुट गए। काफी मशक्कत के बाद युवक को नदी से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी और उसकी मौत हो चुकी थी।
घटना की सूचना मिलते ही बक्शा थानाध्यक्ष विक्रम लक्ष्मण सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
इस दर्दनाक घटना से गांव में मातम पसरा हुआ है। मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों ने प्रशासन से नदी किनारे सुरक्षा के इंतजाम और लोगों को सतर्क करने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।
