आमिर, देवल ब्यूरो ,जौनपुर। कोतवाली थाना क्षेत्र के वाजिदपुर दक्षिणी मोहल्ले में रविवार सुबह एक युवक द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या किए जाने का मामला सामने आया है। घटना से इलाके में सनसनी फैल गई, वहीं पुलिस पूरे प्रकरण की जांच में जुट गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, विजय बहादुर यादव (22 वर्ष), पुत्र रामसूरत यादव, थाना गौरा बादशाहपुर क्षेत्र के अमरा असवारे गांव का निवासी था और शहर के वाजिदपुर दक्षिणी में विजय यादव के मकान में किराए पर रह रहा था। रविवार सुबह करीब 5 बजे उसके साथ रहने वाले दोस्तों ने देखा कि वह कमरे में लोहे के एंगल से रस्सी के सहारे फांसी लगाकर लटका हुआ है।
यह दृश्य देखकर दोस्तों में हड़कंप मच गया। उन्होंने तुरंत डायल 112 पर सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और भंडारी चौकी इंचार्ज जयदीप कोल ने शव को नीचे उतरवाकर कब्जे में लिया। इसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
प्राथमिक जांच में मामला संदिग्ध परिस्थितियों में आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। सूत्रों के अनुसार घटना के पीछे प्रेम प्रसंग की आशंका जताई जा रही है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है।
पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद मृतक के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है और क्षेत्र में शोक का माहौल है।
