देवल, ब्यूरो चीफ,बीना, सोनभद्र। क्षेत्र में एक जर्जर लोहे की पुलिया ग्रामीणों के लिए बड़ी परेशानी और खतरे का कारण बन गई है। ग्राम पंचायत घरसड़ी की प्रधान पुष्पा देवी ने एनसीएल बीना परियोजना प्रबंधन को पत्र भेजकर पुलिया की तत्काल मरम्मत और पुनर्निर्माण की मांग की है।
बताया गया कि यह पुलिया जमशीला, चंदुमार और घरसड़ी-कोहरौल गांवों को जोड़ने वाला अहम मार्ग है। ग्रामीणों के लिए बाजार और दैनिक जरूरतों के साथ-साथ यह वाराणसी-शक्तिनगर मुख्य मार्ग का एक वैकल्पिक रास्ता भी है। खास बात यह है कि डॉ. अंबेडकर विद्यालय के सैकड़ों छात्र रोज इसी पुलिया से होकर गुजरते हैं। ग्रामीणों के अनुसार पुलिया की हालत बेहद खराब हो चुकी
है, जिससे आवागमन में दिक्कतें बढ़ गई हैं और किसी भी समय बड़ा हादसा हो सकता है। प्रधान द्वारा पत्र में यह भी उल्लेख किया गया है कि 25 जनवरी 2023 को भी मरम्मत के लिए आवेदन दिया गया था, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। आरोप है कि परियोजना प्रबंधन अब तक केवल अस्थायी मरम्मत कराकर काम चला रहा है, जबकि पुलिया की स्थिति स्थायी समाधान की मांग कर रही है। प्रधान ने भविष्य को ध्यान में रखते हुए लोहे या सीमेंट का नया पुल बनाने की मांग की है, ताकि लंबे समय तक सुरक्षित आवागमन सुनिश्चित हो सके। इधर, ग्राम चंदुवार के दर्जनों युवाओं ने भी इस मुद्दे को लेकर विरोध प्रदर्शन कर प्रशासन और संबंधित विभाग का ध्यान आकर्षित कराया है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो बड़ा आंदोलन किया जाएगा।
.jpeg)