आमिर, देवल ब्यूरो ,जौनपुर। जिले के जफराबाद थाना क्षेत्र के गोसाईपुर बाजार में बुधवार को दिनदहाड़े नकाबपोश बदमाशों ने एक सहज जन सेवा केंद्र संचालक को गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। घायल को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए वाराणसी रेफर कर दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार गोसाईपुर बाजार निवासी प्रेमचंद यादव (40 वर्ष) पुत्र तेजू यादव अपने सहज जन सेवा केंद्र पर मौजूद थे। बताया जा रहा है कि वह दुकान बंद कर घर जा रहे थे और घर से कुछ दूरी पर ही पहुंचे थे कि तभी बाइक सवार नकाबपोश बदमाश वहां आ पहुंचे। बदमाशों ने अचानक उन पर फायरिंग कर दी। गोली लगते ही प्रेमचंद यादव गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़े।
घटना को अंजाम देने के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए। गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर दौड़ पड़े। देखते ही देखते घटनास्थल पर बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जमा हो गई। परिजनों और स्थानीय लोगों की मदद से घायल प्रेमचंद यादव को तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया।
उधर घटना की सूचना मिलते ही पुलिस विभाग में भी हड़कंप मच गया। जफराबाद थाना पुलिस और अन्य अधिकारी मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आसपास के लोगों से पूछताछ की और बदमाशों की तलाश में अभियान शुरू कर दिया है।
जिला अस्पताल पहुंचकर पुलिस अधिकारियों ने घायल के परिजनों से भी घटना के संबंध में जानकारी ली। डॉक्टरों के अनुसार प्रेमचंद यादव की हालत गंभीर बनी हुई थी, जिसके चलते उन्हें बेहतर इलाज के लिए वाराणसी रेफर कर दिया गया।
फिलहाल पुलिस हमलावरों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। घटना के पीछे पुरानी रंजिश या अन्य किसी कारण की भी जांच की जा रही है। वहीं दिनदहाड़े हुई इस वारदात से क्षेत्र के लोगों में दहशत का माहौल बना हुआ है।