देवल, ब्यूरो चीफ,ओबरा, सोनभद्र। शहीद दिवस के अवसर पर स्थानीय गांधी मैदान में सोन चेतना सामाजिक संगठन के तत्वावधान में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने पहुंचकर भगत सिंह, राजगुरु और सुखदेव को नमन किया।
कार्यक्रम के आयोजक अभिषेक अग्रहरी ने श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए ओबरा नगर की बदहाल स्थिति पर गंभीर चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि जिन क्रांतिकारियों ने शोषणमुक्त और न्यायपूर्ण भारत का सपना देखा था, आज उसी के विपरीत नगर में प्रशासनिक उपेक्षा और अव्यवस्था का माहौल बना हुआ है। सभा में वक्ताओं ने ओबरा इंटर कॉलेज के निजीकरण, स्थानीय अस्पताल की खराब स्थिति और रोजगार के सीमित अवसरों जैसे मुद्दों को प्रमुखता से उठाया। आरोप लगाया गया कि स्थानीय परियोजनाओं में युवाओं की अनदेखी की जा रही है और श्रमिकों से अधिक काम लेकर उचित पारिश्रमिक नहीं दिया जा रहा। इसके अलावा सीएसआर फंड के दुरुपयोग और ठेका प्रक्रिया में पारदर्शिता की कमी को लेकर भी नाराजगी जताई गई। वक्ताओं ने कहा कि नगर की समस्याओं के समाधान के लिए जनमानस को एकजुट होना होगा। अंत में अभिषेक अग्रहरी ने लोगों से जाति और निजी स्वार्थों से ऊपर उठकर सामूहिक संघर्ष करने का आह्वान किया। कार्यक्रम में विकास पाठक, सूर्य पटेल, संजय गौतम, सिद्धांत पटेल, बाबूलाल सोनकर सहित कई गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। कार्यक्रम के अंत में पारदर्शी प्रशासन और नागरिक अधिकारों के लिए संघर्ष का संकल्प लिया गया।
.jpeg)