देवल, ब्यूरो चीफ,सोनभद्र। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत डायट परिसर उरमौरा में सोमवार को 304 जोड़ों का विवाह धूमधाम और धार्मिक रीति-रिवाजों के साथ संपन्न कराया गया। कार्यक्रम का आयोजन जिलाधिकारी बीएन सिंह के निर्देशन में हुआ, जिसकी पूरी जिम्मेदारी मुख्य विकास अधिकारी जागृति अवस्थी ने संभाली।
समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में सांसद छोटे लाल खरवार सहित अन्य जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद दिया। इस दौरान 302 हिंदू और 2 मुस्लिम जोड़ों सहित कुल 304 जोड़ों का विवाह उनके-अपने रीति-रिवाजों के अनुसार संपन्न कराया गया। कार्यक्रम में बारात आगमन, स्वागत, भोजन और अन्य पारंपरिक रस्में पूरी श्रद्धा के साथ निभाई
गईं। जिला समाज कल्याण विभाग के अनुसार प्रत्येक जोड़े पर लगभग एक लाख रुपए व्यय किए गए, जिसमें 60 हजार रुपए कन्या के खाते में डीबीटी के माध्यम से भेजे जाएंगे, 25 हजार रुपए की वैवाहिक सामग्री दी गई और 15 हजार रुपये आयोजन पर खर्च किए गए। विकास खंड राबर्ट्सगंज से 78, करमा से 51, चतरा से 48, नगवां से 47 और घोरावल से 80 जोड़े इस कार्यक्रम में शामिल हुए। नवविवाहितों को पायल-बिछिया, साड़ी, लहंगा, गद्दा, तकिया, डिनर सेट, सिलिंग फैन, घड़ी सहित अन्य आवश्यक घरेलू सामग्री भेंट की गई। इस अवसर पर जिला समाज कल्याण अधिकारी ज्ञानेन्द्र सिंह भदौरिया, अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी सुधांशु शेखर शर्मा सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। कार्यक्रम में बिरला कार्बन, रेनूकूट द्वारा भी नवविवाहित जोड़ों को उपहार सामग्री प्रदान की गई।
.jpeg)