कृष्ण, देवल ब्यूरो, अंबेडकर नगर ।अकबरपुर में जल्द पूरी होंगी केंद्रीय विद्यालय निर्माण की औपचारिकताएं, विवेक मौर्य व एसडीएम विशाल सारस्वत ने शिक्षा मंत्री को जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला का पत्र व आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध कराया
प्रशासन ने सिझौली में 5 एकड़ जमीन की चिह्नित, केंद्रीय विद्यालय के निर्माण संबंधी स्थानीय स्तर पर सभी औपचारिकताएं पूरी
भारतीय जनता पार्टी के नेता विवेक मौर्य व एसडीएम अकबरपुर विशाल सारस्वत ने आज दिल्ली में केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से भेंट कर अकबपुर में केंद्रीय विद्यालय के जल्द निर्माण की माँग को माननीय मंत्री के समक्ष रखा जिस पर केंद्रीय शिक्षा मंत्री ने संज्ञान लेते हुए उच्च अधिकारियों को अकबरपुर में शीघ्र केंद्रीय विद्यालय के निर्माण संबंधी औपचारिकताओं को पूरा करने का निर्देश दे दिया।
केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से भेंट के दौरान भाजपा नेता विवेक मौर्य ने अंबेडकरनगर जिले में उच्च गुणवत्तापूर्ण शिक्षा व छात्रों के हित में शीघ्र केंद्रीय विद्यालय के निर्माण की मांग करते हुए इस से जुड़ी औपचारिकताओं का शीघ्र पूरा किए जाने का निवेदन किया। विवेक मौर्य ने शिक्षा मंत्री को अवगत कराया कि अम्बेडकरनगर में केंद्रीय विद्यालय की माँग वर्षों से लंबित और बहुप्रतीक्षित है और विद्यार्थियों के हित में इसका शीघ्र निर्माण अतिआवश्यक है।
विवेक मौर्य व एसडीएम अकबरपुर विशाल सारस्वत ने शिक्षा मंत्री को अवगत कराया कि स्थानीय प्रशासन द्वारा जिले में केंद्रीय विद्यालय के निर्माण संबंधी पूर्व की सभी अड़चनों का निस्तारण कर लिया गया है और सिझौली में इसके लिए 5 एकड़ भूमि चिह्नित कर ली गई है। साथ ही जब तक निर्माण प्रक्रिया पूरी ना हो जाये तब तक के लिए जीजीआईसी के नवीन परिसर में केंद्रीय विद्यालय के परिसर निर्माण तक अस्थायी कक्षाएं चलाने के लिए आवश्यक कमरों की संख्या को भी चिह्नित कर लिया गया है। विवेक मौर्य व एसडीएम विशाल सारस्वत ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री को जिलाधिकारी श्री अनुपम शुक्ला का पत्र व आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध कराते हुए शीघ्र ही मंज़ूरी देने का आग्रह किया जिस पर केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने तुरंत ही अधिकारियों को अकबरपुर में शीघ्र केंद्रीय विद्यालय के निर्माण संबंधी औपचारिकताओं को पूरा करने का निर्देश दिया जिसके उपरांत विवेक मौर्य व एसडीएम विशाल सारस्वत ने माननीय शिक्षा मंत्री का आभार प्रकट किया।
विदित हो कि केन्द्रीय विद्यालय संगठन, मुख्यालय, नई दिल्ली के पत्र संख्या- F.11029-25/2022/KVS(HQ)/Admn.1/1851-1854 दिनांक 24-01-2023 और केन्द्रीय विद्यालय संगठन, मुख्यालय, नई दिल्ली के पत्र संख्या- फा-11072-02/2012-KVSAdmn.1/238-40 दिनांक 03-05-2023 के द्वारा नए केंद्रीय विद्यालय की स्थापना के लिए केन्द्रीय विद्यालय संगठन (मुख्यालय), नई दिल्ली द्वारा निर्धारित प्रपत्र (Annexure-I, II, और III) में प्रस्ताव (सुसंगठित हस्ताक्षर और मोहर सहित) संबंधित अभिलेखों और उपलब्ध दस्तावेजों के विवरण सहित उपलब्ध कराने का पत्र प्राप्त हुआ था, जिसके क्रम में कार्यालय नगर पालिका परिषद् अकबरपुर अंबेडकरनगर के पत्र संख्या- 5186/न०पा०परि०अ०/2025-26 दिनांक 12-03-2026 द्वारा जिला अम्बेडकरनगर में केंद्रीय विद्यालय की स्थापना के लिए नगर पालिका परिषद् अकबरपुर के वार्ड सिझौली में कुल पांच एकड़ भूमि का चयन करते हुए अनापत्ति प्रमाण पत्र, केन्द्रीय विद्यालय संगठन, क्षेत्रीय कार्यालय, लखनऊ को जिलाधिकारी महोदय अम्बेडकरनगर के माध्यम से पत्र संख्या- के० वि०/5403/2025-26 दिनांक 19-03-2026 को प्रेषित किया गया, जिसके उपरान्त सोमवार को मा० शिक्षा मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान जी को भाजपा नेता विवेक मौर्य के सहयोग से जिलाधिकारी अम्बेडकरनगर का पत्र दिया गया।