आमिर, देवल ब्यूरो ,जौनपुर। जफराबाद थाना क्षेत्र के अहमदपुर गांव में सड़क किनारे खेलते समय मछली पालन के लिए खोदे गए पानी से भरे गड्ढे में गिरने से एक किशोर की मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार अहमदपुर गांव निवासी परवीन गौतम का 14 वर्षीय पुत्र यश समीर गौतम रविवार दोपहर करीब 12 बजे अपने हमउम्र साथियों के साथ गांव के पास सड़क किनारे खेल रहा था। इसी दौरान खेलते-खेलते वह संदिग्ध परिस्थितियों में मछली पालन के लिए खोदे गए पानी से भरे गड्ढे में गिर पड़ा।
साथ खेल रहे बच्चों ने जब उसे पानी में गिरते देखा तो शोर मचाया। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए और उसे पानी से बाहर निकालने का प्रयास किया। हालांकि जब तक ग्रामीण उसे बाहर निकाल पाते, तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और पूरे गांव में मातम छा गया। मृतक के परिजन वेद प्रकाश ने आरोप लगाया है कि मोहल्ले के डब्बू सिंह और रिंकू सिंह ने सड़क किनारे गड्ढा खुदवाया था, जिसमें वे मछली पालन करना चाहते थे। परिजनों और ग्रामीणों ने इस गड्ढे को अवैध बताते हुए प्रशासन से कार्रवाई की मांग की है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि सड़क किनारे इस तरह गड्ढा न खोदा गया होता तो संभवतः यश उर्फ समीर की जान बच सकती थी।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।