आमिर, देवल ब्यूरो ,जौनपुर। जनपद में अपराध की रोकथाम एवं वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस को एक महत्वपूर्ण सफलता हाथ लगी है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में कार्यवाही करते हुए पुलिस टीम ने हत्या के एक मामले में वांछित आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार थाना स्थानीय पर दर्ज मुकदमा संख्या 63/26, धारा 103(1), 78(1), 238 बीएनएस से संबंधित वांछित अभियुक्त हर्ष कुमार गौतम उर्फ गुल्ले (उम्र लगभग 23 वर्ष) पुत्र आशीष कुमार उर्फ नन्हेलाल गौतम निवासी ग्राम कोइरीपुर, थाना महराजगंज को दिनांक 23 मार्च 2026 को उसके घर से दोपहर करीब 2:30 बजे गिरफ्तार किया गया।
पूछताछ के दौरान आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने घटना में प्रयुक्त आला कत्ल (रस्सी), मृतका का मोबाइल फोन तथा उसकी चप्पल बरामद की। बरामद सामान को विधिवत सील कर पुलिस कब्जे में ले लिया गया है।
बताया जा रहा है कि इस मामले में वादी अवधेश गौतम पुत्र स्व. कल्पनाथ गौतम निवासी ग्राम कोइरीपुर द्वारा लिखित तहरीर दी गई थी। तहरीर में आरोप लगाया गया था कि आरोपी हर्ष कुमार गौतम उनकी भतीजी ब्यूटी गौतम (उम्र लगभग 20 वर्ष) पुत्री कमलेश गौतम पर लगातार शादी का दबाव बना रहा था। विरोध करने पर आरोपी ने कथित रूप से उसका गला दबाकर हत्या कर दी।
तहरीर के आधार पर पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू की थी। अब गिरफ्तारी के बाद पुलिस आरोपी से विस्तृत पूछताछ कर रही है तथा मामले में अग्रिम विधिक कार्यवाही जारी है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जनपद में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और अपराधियों पर सख्त कार्रवाई के लिए अभियान आगे भी जारी रहेगा।
.jpeg)