आमिर, देवल ब्यूरो ,जौनपुर। जनपद के ऐतिहासिक शाही किला में मंगलवार 24 मार्च 2026 से तीन दिवसीय जौनपुर महोत्सव का भव्य शुभारंभ हो गया। 24 से 26 मार्च तक चलने वाले इस महोत्सव की सबसे बड़ी खासियत इस बार स्थानीय कलाकारों को दी गई विशेष प्राथमिकता है। जिले के नामी-गिरामी कलाकार अपनी प्रस्तुतियों से मंच को सजाकर जनपद की सांस्कृतिक विरासत को जीवंत करेंगे।
पिछले वर्षों में सीमित अवसर मिलने को लेकर नाराज स्थानीय कलाकारों की आवाज इस बार रंग लाई है। प्रशासन ने इस बार महोत्सव के आयोजन में स्थानीय प्रतिभाओं को प्रमुख स्थान देते हुए उन्हें अपनी कला प्रस्तुत करने का अवसर प्रदान किया है।
जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चन्द्र ने स्पष्ट किया कि महोत्सव के आयोजन के लिए किसी भी प्रकार का चंदा नहीं लिया गया है। पूरा कार्यक्रम प्रशासन द्वारा अपने संसाधनों से कराया जा रहा है, जिससे पारदर्शिता और सुचारु व्यवस्था सुनिश्चित की जा सके।
कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित प्रेसवार्ता के दौरान खेल एवं युवा कल्याण विभाग के राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गिरीश चंद्र यादव ने बताया कि 24 मार्च को मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। वहीं 25 और 26 मार्च को सांस्कृतिक कार्यक्रमों की आकर्षक श्रृंखला प्रस्तुत की जाएगी।
महोत्सव के दौरान कवि सम्मेलन, सांस्कृतिक संध्या, शिव तांडव नृत्य, मां काली नाटक, अयोध्या के राम दरबार विग्रह दर्शन, पारंपरिक पाई-डंडा नृत्य तथा राजस्थान के कलाकारों द्वारा भगवान विष्णु के दशावतार की मनोहारी प्रस्तुति आकर्षण का केंद्र रहेगी। इसके साथ ही विभिन्न विभागों एवं योजनाओं से संबंधित प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी, जिससे लोगों को सरकारी योजनाओं की जानकारी मिल सके।
सामूहिक विवाह कार्यक्रम में प्रदेश के प्रभारी मंत्री ए.के. शर्मा के शामिल होने की संभावना है। पात्र जोड़ों का बायोमेट्रिक सत्यापन कर विधि-विधान से विवाह संपन्न कराया जाएगा।
आयोजन को लेकर प्रशासन ने व्यापक तैयारियां की हैं। कानून-व्यवस्था, स्वास्थ्य सेवाएं, भोजन व्यवस्था, बिजली आपूर्ति और मंच संचालन के लिए अलग-अलग अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है, ताकि कार्यक्रम शांतिपूर्ण एवं सफलतापूर्वक संपन्न हो सके।
मंत्री ने मीडिया प्रतिनिधियों से अपील की है कि महोत्सव का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए, जिससे अधिक से अधिक लोग कार्यक्रम में शामिल होकर सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का आनंद लेने के साथ-साथ विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ उठा सकें।
