देवल संवाददाता, तहबरपुर/आजमगढ़। जनपद के तहबरपुर में सोमवार को भारतीय राष्ट्रीय पत्रकार महासंघ की आजमगढ़ इकाई द्वारा जिलाधिकारी के माध्यम से प्रधानमंत्री, केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री तथा योगी आदित्यनाथ को संबोधित ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन में देशभर के पंजीकृत पत्रकारों और समाचार पत्रों के संपादकों को टोल टैक्स से छूट देने तथा परिवहन निगम की बसों में निःशुल्क या रियायती यात्रा सुविधा प्रदान करने की मांग की गई।
ज्ञापन में कहा गया कि पत्रकार लोकतंत्र के चौथे स्तंभ के रूप में समाज और सरकार के बीच महत्वपूर्ण कड़ी का कार्य करते हैं। समाचार संकलन के लिए उन्हें लगातार विभिन्न जिलों, राज्य मुख्यालयों और न्यू दिल्ली तक यात्रा करनी पड़ती है। इस दौरान राष्ट्रीय और राज्य राजमार्गों पर टोल टैक्स देना पड़ता है तथा बसों और अन्य परिवहन साधनों में यात्रा शुल्क भी चुकाना पड़ता है, जिससे पत्रकारों पर अतिरिक्त आर्थिक भार पड़ता है।ज्ञापन में यह भी कहा गया कि छोटे समाचार पत्रों और पत्रिकाओं से जुड़े पत्रकारों को सरकार से विज्ञापन या आर्थिक सहयोग नहीं मिल पाता, जिससे उन्हें अधिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। ऐसे में पत्रकारों को टोल टैक्स से मुक्त करने और परिवहन निगम की बसों में निःशुल्क अथवा रियायती यात्रा सुविधा देने की व्यवस्था की जानी चाहिए, ताकि वे निर्भीक और निष्पक्ष पत्रकारिता कर सकें। इस अवसर पर संगठन के प्रांतीय संरक्षक रामचंद्र राय, मंडलाध्यक्ष कृष्ण मणि शुक्ल, जिलाध्यक्ष दुर्गा राय, जिला महामंत्री सुरेश यादव, उपाध्यक्ष रमेश चंद्र यादव, रमेश कुमार यादव, राजेश गुप्ता, रीना भारती, अरुण कुमार सिंह, प्रेम चंद सिंह, हरेंद्र कुमार, तहसील अध्यक्ष रामभवन विश्वकर्मा, लालकृष्ण दूबे, सत्येंद्र चतुर्वेदी, भूपेश सिंह, शिवप्रकाश पांडेय और जिला मीडिया प्रभारी ओमप्रकाश सिंह सहित कई पत्रकार मौजूद रहे।