आमिर, देवल ब्यूरो ,जौनपुर। जिले के लिए बेहद दुखद खबर सामने आई है। जिला कांग्रेस कमेटी जौनपुर के अध्यक्ष डॉ. प्रमोद कुमार सिंह के ज्येष्ठ पुत्र प्रणव सिंह का पंजाब में हुए एक सड़क हादसे में असामयिक निधन हो गया। इस हृदयविदारक घटना की जानकारी मिलते ही कांग्रेस कार्यकर्ताओं सहित विभिन्न राजनीतिक दलों और सामाजिक संगठनों में शोक की लहर दौड़ गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार प्रणव सिंह पंजाब के एक कॉलेज में होटल मैनेजमेंट की पढ़ाई कर रहे थे। बताया जाता है कि बीते शनिवार को ईद के पर्व के कारण हॉस्टल का मेस बंद था। ऐसे में वह बाइक से पास के एक होटल में भोजन करने जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में हुए दर्दनाक सड़क हादसे में उनकी मौके पर ही मौत हो गई। इस अचानक हुई घटना से परिवार और परिचितों को गहरा आघात पहुंचा है।
सोमवार दोपहर करीब 12 बजे जब उनका पार्थिव शरीर जौनपुर जिले के सुजानगंज स्थित पैतृक आवास पर पहुंचा तो वहां कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। बड़ी संख्या में क्षेत्रीय लोग, रिश्तेदार, शुभचिंतक और राजनीतिक कार्यकर्ता शोक संवेदना व्यक्त करने पहुंचे। माहौल बेहद गमगीन था और हर आंख नम नजर आई।
प्रणव सिंह को जानने वाले लोग उनके मिलनसार स्वभाव, सरल व्यक्तित्व और उज्ज्वल भविष्य की चर्चा करते नहीं थक रहे थे। कम उम्र में उनका इस तरह चले जाना पूरे क्षेत्र के लिए अपूरणीय क्षति माना जा रहा है।
विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं और सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने शोक व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की तथा शोक संतप्त परिवार को इस असहनीय दुःख को सहने की शक्ति देने की कामना की।