आमिर, देवल ब्यूरो ,जौनपुर। जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चन्द्र की अध्यक्षता तथा पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह की उपस्थिति में तहसील केराकत सभागार में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में फरियादी अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे, जहां अधिकारियों ने एक-एक कर उनकी शिकायतें सुनीं और संबंधित विभागों को समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट रूप से कहा कि शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने निर्देशित किया कि बिना स्थलीय निरीक्षण और शिकायतकर्ता से वार्ता किए किसी भी प्रकरण को निस्तारित न किया जाए। उन्होंने अधिकारियों से गुणवत्तापूर्ण और पारदर्शी तरीके से समस्याओं के समाधान पर विशेष जोर दिया।
समाधान दिवस के दौरान ग्राम नरहन निवासी संतश्री रामजनम नागर ने रामजानकी मंदिर एवं आश्रम निर्माण में आ रही बाधाओं की शिकायत की। इस पर जिलाधिकारी ने नायब तहसीलदार और क्षेत्राधिकारी चकबंदी को मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
वहीं ग्राम मुरलीपुर निवासी अश्वनी उपाध्याय ने भूमि कब्जे से संबंधित शिकायत दर्ज कराई, जिस पर उप जिलाधिकारी को प्रकरण की जांच कर शीघ्र निस्तारण करने को कहा गया। इसी क्रम में ग्राम टुसौरी के जितेंद्र सिंह ने सरकारी चकरोड और नवीन परती भूमि पर अतिक्रमण की शिकायत की। इस मामले में राजस्व विभाग की टीम को मौके पर पैमाइश कर विस्तृत आख्या प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए।
ग्राम सुरतपुर की पूजा ने शाही किले में आयोजित होने वाले सामूहिक विवाह कार्यक्रम में शामिल किए जाने की मांग रखी। इस पर जिलाधिकारी ने जिला समाज कल्याण अधिकारी को पात्रता की जांच कर योजना के तहत लाभ दिलाने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने विशेष रूप से आबादी और भूमि विवाद से जुड़े मामलों में राजस्व एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीम बनाकर समन्वय के साथ कार्रवाई करने पर जोर दिया, ताकि शिकायतों का प्रभावी और स्थायी समाधान सुनिश्चित किया जा सके।
कार्यक्रम के अंत में अधिकारियों ने बताया कि समाधान दिवस में कुल 179 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 28 का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया, जबकि शेष मामलों को संबंधित विभागों को सौंपकर निर्धारित समय सीमा में कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।