आमिर, देवल ब्यूरो ,जौनपुर। थाना कोतवाली क्षेत्र के छोटी लाइन इमामबाड़ा में छतिग्रस्त करने व चोरी की घटना से जुड़े तीन वांछित अभियुक्तों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार अभियुक्तों के पास से चोरी किए गए चांदी के जरीह के विक्रय से बची नकदी तथा एक मोबाइल फोन बरामद किया गया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जौनपुर कुंवर अनुपम सिंह के निर्देश पर जनपद में अपराध की रोकथाम तथा वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक नगर जौनपुर एवं सहायक पुलिस अधीक्षक/क्षेत्राधिकारी नगर के निर्देशन में प्रभारी निरीक्षक कोतवाली की टीम ने कार्रवाई करते हुए तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार थाना कोतवाली जौनपुर में पंजीकृत मु0अ0सं0 46/26 धारा 305/324(4)/298/317(2) बीएनएस से संबंधित वांछित अभियुक्तों की तलाश की जा रही थी। इसी दौरान 7 मार्च 2026 को मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने छोटी लाइन मस्जिद के पास स्थित एक रेस्टोरेंट के पास से तीनों अभियुक्तों को शाम करीब 6:50 बजे गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार अभियुक्तों में कन्हैया बिन्द (20 वर्ष) पुत्र पंचम बिन्द निवासी मानेपुर थाना लाइन बाजार, अमर बिन्द उर्फ मण्डोले (19 वर्ष) पुत्र पारस बिन्द निवासी मानेपुर थाना लाइन बाजार तथा दीपक बिन्द उर्फ दीपू (24 वर्ष) पुत्र चन्द्रशेखर बिन्द निवासी मानेपुर थाना लाइन बाजार जनपद जौनपुर शामिल हैं।
पुलिस द्वारा की गई जामा तलाशी के दौरान अभियुक्तों के पास से चोरी किए गए चांदी के जरीह के विक्रय से बची हुई नकदी क्रमशः 700 रुपये, 650 रुपये और 500 रुपये, कुल 1850 रुपये बरामद किए गए। इसके अतिरिक्त अभियुक्त दीपक बिन्द के पास से आसमानी रंग का नारजो (NARZO) मोबाइल फोन भी बरामद हुआ है।
पूछताछ के दौरान अभियुक्तों ने अपने अपराध को स्वीकार कर लिया है। पुलिस ने सभी आरोपियों को आवश्यक विधिक कार्रवाई करते हुए न्यायालय जौनपुर भेज दिया है।
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में निरीक्षक अ. महमूद आलम अंसारी, उपनिरीक्षक जयदीप कोल (चौकी प्रभारी भंडारी), हेड कांस्टेबल सरोज कुमार, हेड कांस्टेबल समीम अख्तर तथा कांस्टेबल कुंवर अविनाश सिंह शामिल रहे।