आमिर, देवल ब्यूरो ,जौनपुर। थाना लाइन बाजार क्षेत्र में 4 मार्च को हुई ललई यादव की पीट-पीटकर हत्या के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने दोनों अभियुक्तों को हिरासत में लेकर पूछताछ की और आवश्यक विधिक कार्यवाही पूरी करते हुए न्यायालय भेज दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम रैभानीपुर थाना लाइन बाजार निवासी राजन यादव पुत्र स्व. ललई यादव ने पुलिस को तहरीर देकर बताया था कि 4 मार्च को कुछ लोगों ने उनके पिता ललई यादव के साथ मारपीट की, जिससे उनकी गंभीर चोटों के कारण मृत्यु हो गई। इस मामले को गंभीरता से लेते हुए थाना लाइन बाजार में मुकदमा अपराध संख्या 94/2026 धारा 103(1)/3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया था।
घटना के खुलासे और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जिले में अपराधियों और वांछित अभियुक्तों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस टीम सक्रिय हो गई। अपर पुलिस अधीक्षक नगर और सहायक पुलिस अधीक्षक/क्षेत्राधिकारी नगर के पर्यवेक्षण में थाना लाइन बाजार पुलिस ने जांच तेज करते हुए आरोपियों की तलाश शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस टीम ने विशाल सिंह पुत्र विकास सिंह निवासी तारापुर कॉलोनी थाना कोतवाली जौनपुर (उम्र करीब 25 वर्ष) तथा सुभांशु सिंह पुत्र सुनील सिंह निवासी तारापुर कॉलोनी थाना कोतवाली जौनपुर (उम्र करीब 28 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया। दोनों से पूछताछ के बाद पुलिस ने अग्रिम विधिक कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक सतीश कुमार सिंह थाना लाइन बाजार, हेड कांस्टेबल अमलेश सिंह, हेड कांस्टेबल दीपक सिंह, हेड कांस्टेबल दीपक भृगुवंशी तथा हेड कांस्टेबल अवधेश सिंह शामिल रहे।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले की जांच जारी है और यदि अन्य किसी की संलिप्तता सामने आती है तो उसके खिलाफ भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी।