देवल संवाददाता, मऊ। गंगा समिति,मऊ द्वारा गंगा स्वच्छता पखवाड़ा के अंतर्गत रामवचन सिंह महिला महाविद्यालय,बगली पिजड़ा में श्रमदान,वर्षा जल संचयन हेतु स्थित तालाब के पुनरोद्धार तथा गंगा लोकगीत आधारित जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।कार्यक्रम के तहत छात्राओं ने गंगा लोकगीतों के माध्यम से नदियों की सुरक्षा,स्वच्छता तथा उनकी निर्मलता एवं अविरलता का संदेश दिया। साथ ही श्रमदान करते हुए लगभग 80 किलोग्राम प्लास्टिक कचरा एकत्र किया गया।कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. रमेश कुमार एवं जिला परियोजना अधिकारी डॉ. हेमंत यादव द्वारा मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ किया गया।इस अवसर पर लोकगीत एवं पेंटिंग प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। लोकगायिका मंजू चौहान ने अपने गीतों के माध्यम से विभिन्न नदियों के संरक्षण का संदेश देते हुए छात्राओं में स्वच्छता एवं गंगा सहित अन्य नदियों के प्रति प्रेम एवं जागरूकता उत्पन्न की।छात्रा अर्चना सिंह चौहान,आकांक्षा चौहान,मीनाक्षी द्विवेदी,स्नेहा कनौजिया आदि ने मनोहारी लोकगीतों की प्रस्तुति दी। वहीं पूनम चौहान,काजल वर्मा सहित अन्य छात्राओं ने पर्यावरण एवं नदी संरक्षण विषय पर आकर्षक पोस्टर बनाकर जागरूकता का संदेश दिया।इसके पश्चात जल स्रोतों के संरक्षण के अंतर्गत सभी छात्राओं ने महाविद्यालय परिसर स्थित तालाब में फैली गंदगी की सफाई कर उसे स्वच्छ एवं सुंदर बनाने में सक्रिय योगदान दिया।कार्यक्रम का संचालन डॉ.रविंद्र कुमार पांडे ने किया। इस अवसर पर महाविद्यालय के डॉ. पवन कुमार सिंह,डॉ. दीपक पाराशर एवं डॉ. शिवनाथ प्रसाद सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।अंत में प्राचार्य डॉ.रमेश कुमार ने कविता के माध्यम से नदी संरक्षण के प्रति जागरूकता का संदेश दिया। डॉ. हेमंत यादव ने उपस्थित सभी लोगों को गंगा स्वच्छता की शपथ दिलाई तथा आह्वान किया कि हम सभी मिलकर यह संकल्प लें कि अपने देश की नदियों की निर्मलता एवं अविरलता की पुनर्स्थापना हेतु निरंतर प्रयास करेंगे।
