कृष्ण, देवल ब्यूरो, अंबेडकर नगर ।नवरात्रि पर्व के मद्देनजर आम जनता को शुद्ध और सुरक्षित खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन ने जनपद में विशेष अभियान चलाया। आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं जिलाधिकारी के निर्देश पर सहायक आयुक्त (खाद्य) ग्रेड-2 श्रवण कुमार त्रिपाठी के नेतृत्व में टीम ने विभिन्न बाजारों और प्रतिष्ठानों पर औचक निरीक्षण किया।
जांच के दौरान मिलावट की आशंका पर मूंगफली दाना, साबूदाना, मखाना, सिंघाड़ा आटा, कुट्टू आटा, सेंधा नमक, घी और दूध समेत कुल 11 नमूने संग्रहित कर प्रयोगशाला भेजे गए। यह कार्रवाई हीरापुर, रगड़गंज, अलीगंज, जलालपुर, मालीपुर, टांडा समेत कई क्षेत्रों में की गई।
खाद्य विभाग ने स्पष्ट किया है कि प्रयोगशाला से रिपोर्ट आने के बाद जिन नमूनों में अपमिश्रण पाया जाएगा, उनके संबंधित कारोबारियों के खिलाफ कड़ी विधिक कार्रवाई की जाएगी।
अभियान में खाद्य सुरक्षा अधिकारी अमित कुमार पाण्डेय, दिनेश कुमार राय, मो. नसीम खान और ओम प्रकाश सहित टीम के अन्य सदस्य मौजूद रहे।
