आमिर, देवल ब्यूरो ,जौनपुर। जनपद में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना तेजीबाजार पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने जनरेटर चोरी और विरोध करने पर फायरिंग की सनसनीखेज घटना का खुलासा करते हुए तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में लगातार दबिश दे रही है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) के निर्देशन तथा क्षेत्राधिकारी सदर के पर्यवेक्षण में थाना तेजीबाजार पुलिस टीम द्वारा मु0अ0सं0-52/2026 धारा 307, 62, 109 बीएनएस से संबंधित मामले की सक्रियता से जांच की जा रही थी। इसी दौरान पुलिस को मुखबिर के जरिए महत्वपूर्ण सूचना प्राप्त हुई।
सूचना मिली कि 29 मार्च की रात जनरेटर चोरी करने आए और विरोध करने पर फायरिंग कर फरार हुए आरोपी दोबारा किसी वारदात को अंजाम देने की योजना बना रहे हैं। इस सूचना पर पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए शेखपुर नहर रोड के पास घेराबंदी कर सघन वाहन चेकिंग शुरू कर दी।
चेकिंग के दौरान कुछ देर बाद दो संदिग्ध मोटरसाइकिल और एक मैजिक वाहन आते दिखाई दिए। पुलिस द्वारा रोकने का इशारा करते ही आरोपी घबरा गए और वाहन छोड़कर भागने लगे। भागने के प्रयास में तीन आरोपी नहर किनारे गड्ढे में गिर पड़े, जिन्हें पुलिस ने मौके पर ही दबोच लिया, जबकि एक आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।
गिरफ्तार आरोपियों की तलाशी के दौरान उनके पास से एक देशी पिस्टल (.32 बोर) और एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया। इसके अलावा घटना में प्रयुक्त एक मैजिक वाहन और दो मोटरसाइकिल भी पुलिस ने कब्जे में ले ली हैं।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान टाइगर उर्फ विशाल गौतम पुत्र अजीत उर्फ कल्लू, संदीप पुत्र सुभाष चंद्र तथा दुर्गेश गौतम पुत्र राममूरत गौतम, सभी निवासी सिकरारा, जौनपुर के रूप में हुई है।
इस सफल कार्रवाई में थानाध्यक्ष सतेन्द्र भाई पटेल के नेतृत्व में उपनिरीक्षक जय प्रकाश सिंह, उपनिरीक्षक राकेश प्रताप सिंह सहित पुलिस टीम के अन्य सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पुलिस ने गिरफ्तार अभियुक्तों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। वहीं फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही उसे भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
