आमिर, देवल ब्यूरो ,सुइथाकला, जौनपुर। शाहगंज विधानसभा क्षेत्र में सड़क विकास को नई गति देते हुए रविवार को विधायक रमेश सिंह ने 35.75 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली तीन महत्वपूर्ण सड़कों के चौड़ीकरण एवं जीर्णोद्धार कार्य का विधिवत भूमिपूजन कर शुभारंभ किया। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
विधायक ने अरसिया-बीबीगंज मार्ग का बीबीगंज बाजार में, पट्टीनरेंद्रपुर-सरायमोहिउद्दीनपुर मार्ग का गौसपुर तिराहे पर तथा बड़ौना वाया चिलबिली, गंगौली, सवायन, रुधौली मार्ग का चंपानगर बाजार में भूमि पूजन कर निर्माण कार्य की शुरुआत कराई। इन सड़कों के निर्माण से क्षेत्र के दर्जनों गांवों को बेहतर आवागमन सुविधा मिलेगी और स्थानीय व्यापार को भी बढ़ावा मिलेगा।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक रमेश सिंह ने कहा कि क्षेत्र के समग्र विकास के लिए सड़क नेटवर्क को मजबूत करना प्राथमिकता में शामिल है। उन्होंने दावा किया कि जमौली-बिरैली मार्ग को छोड़कर लगभग सभी प्रमुख सड़कों पर निर्माण कार्य पूरा हो चुका है या प्रगति पर है। उन्होंने आश्वासन दिया कि इस मार्ग को भी जल्द ही विजेथुआ धाम से जोड़ने के लिए कार्य शुरू कराया जाएगा।
विधायक ने कहा कि सड़क निर्माण कार्यों के पूरा होने के बाद अब शाहगंज विधानसभा क्षेत्र में एक छोर से दूसरे छोर तक की दूरी तय करने में एक घंटे से भी कम समय लगेगा, जिससे आम जनता को बड़ी राहत मिलेगी।
कार्यक्रम का संचालन राजेश सिंह और राम सकल मौर्य ने किया। इस दौरान वरिष्ठ भाजपा नेता बेचन सिंह, प्रमुख प्रतिनिधि डॉ. उमेश चन्द्र तिवारी, मंडल अध्यक्ष अवधेश दुबे, अशोक बिंद सहित कई वक्ताओं ने भी अपने विचार व्यक्त किए और विकास कार्यों की सराहना की।
इस मौके पर प्रधान संघ अध्यक्ष राम प्रकाश दुबे, खूशीराम मिश्र, सुशील सिंह, राकेश वर्मा, भीम सिंह सहित सैकड़ों की संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान क्षेत्र में विकास कार्यों को लेकर उत्साह का माहौल देखने को मिला।
.jpeg)