आमिर, देवल ब्यूरो ,जौनपुर। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ की एक महत्वपूर्ण बैठक नगर पालिका इंटर कॉलेज में जिलाध्यक्ष प्रमोद कुमार सिंह की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में शिक्षकों से जुड़ी विभिन्न समस्याओं पर विस्तार से चर्चा करते हुए उनके समाधान के लिए रणनीति तैयार की गई।
बैठक के दौरान बोर्ड परीक्षा के मूल्यांकन केंद्रों पर मूलभूत सुविधाओं की कमी को लेकर शिक्षकों ने कड़ी नाराजगी व्यक्त की। विशेष रूप से जलपान व्यवस्था न होने पर चिंता जताते हुए मांग की गई कि भविष्य में ऐसी अव्यवस्था वाले केंद्रों को मूल्यांकन केंद्र के रूप में चयनित न किया जाए।
प्रांतीय उपाध्यक्ष नरसिंह बहादुर सिंह ने नवीन पेंशन योजना से पुरानी पेंशन योजना में स्थानांतरण की प्रक्रिया को तेज करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि शिक्षकों की कटौती की गई धनराशि को शीघ्र उनके जीपीएफ खातों में स्थानांतरित किया जाए। साथ ही जिन विद्यालयों की पत्रावलियां अभी तक नहीं भेजी गई हैं, उन्हें जल्द से जल्द प्रेषित करने की अपील की गई। उन्होंने बताया कि इस संबंध में संगठन पहले ही जिला विद्यालय निरीक्षक को ज्ञापन देकर 31 मार्च तक कार्य पूर्ण करने की चेतावनी दे चुका है।
जिलाध्यक्ष प्रमोद कुमार सिंह ने कहा कि सेवानिवृत्त शिक्षकों की पेंशन और जीपीएफ से संबंधित पत्रावलियों को शत-प्रतिशत भेजने के लिए वह शीघ्र ही डीआईओएस जौनपुर से मुलाकात करेंगे, ताकि लंबित प्रकरणों का समाधान जल्द हो सके।
बैठक में आगामी शैक्षिक सत्र के लिए सदस्यता अभियान को लेकर भी विस्तृत चर्चा की गई। संगठन को मजबूत बनाने के उद्देश्य से विभिन्न तहसीलों में पदाधिकारियों की जिम्मेदारियां तय की गईं और अधिक से अधिक शिक्षकों को जोड़ने का संकल्प लिया गया।
इस अवसर पर नरेंद्र बहादुर सिंह, दिनेश चक्रवर्ती, राम प्रकाश सिंह, राम प्रताप, अखिलेश सिंह, प्रवीण कुमार पांडे, विजय सिंह यादव, दया शंकर सिंह, डॉ. सुनील सिंह, वीरेंद्र भारती, सुदीप राय, अखिलेश चंद, हरिमान, आलोक श्रीवास्तव, संदीप सिंह सहित बड़ी संख्या में शिक्षक उपस्थित रहे।
बैठक का मुख्य उद्देश्य शिक्षकों की समस्याओं को संगठित रूप से उठाना और उनके समाधान के लिए प्रभावी पहल सुनिश्चित करना रहा।
