देवल संवाददाता, मऊ। एडीएम आगामी 22 फरवरी 2026 को आयोजित होने वाले 'मेगा/वृहद विधिक सहायता एवं सेवा शिविर' के सफल क्रियान्वयन हेतु जनपद स्तरीय अधिकारियों के साथ अपर जिलाधिकारी सत्यप्रिय सिंह की अध्यक्षता में महत्वपूर्ण बैठक संपन्न हुई।बैठक में अपर जिलाधिकारी द्वारा निर्देश दिए गए कि शिविर का मुख्य उद्देश्य केवल कानूनी सहायता प्रदान करना ही नहीं, बल्कि सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं को एक ही छत के नीचे आम जनता तक पहुँचाना है।
राजस्व, स्वास्थ्य, शिक्षा, समाज कल्याण और कृषि विभाग, श्रम विभाग बाल विकास उद्यान विभाग सहित सभी प्रमुख विभागों को अपने-अपने स्टाल लगाने और लाभार्थियों को मौके पर ही लाभान्वित करने के भी निर्देश दिए गए। अपर जिलाधिकारी ने आम जनमानस से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में इस शिविर में पहुँचकर अपनी समस्याओं का समाधान प्राप्त करें और शासन की योजनाओं का लाभ उठाएं।उन्होंने कहा कि हमारा लक्ष्य है कि समाज के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति को न्याय और शासन की योजनाओं का सीधा लाभ मिले। 22 फरवरी का यह मेगा शिविर न्याय को सुलभ और समावेशी बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम होगा।बैठक के दौरान जिला कार्यक्रम अधिकारी अजीत कुमार सिंह, जिला कृषि अधिकारी सोम प्रकाश गुप्ता जिला समाज कल्याण अधिकारी अनुज कुमार,परियोजना अधिकारी डूडा अरविंद पांडे सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।