देवल संवाददाता, गाजीपुर। बिरनो थाना क्षेत्र अंतर्गत भवरहा गांव में बीती रात विद्युत शॉर्ट सर्किट से एक घर में भीषण आग लग गई, जिससे गृहस्थी का सारा सामान जलकर राख हो गया। घटना में लाखों रुपये के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है। मिली जानकारी के अनुसार भवरहा गांव निवासी मनीष कुमार रात में भोजन करने के बाद परिवार सहित घर के अंदर सो गए थे। देर रात अचानक बिजली के बोर्ड में शॉर्ट सर्किट हो गया, जिससे घर में रखे सामान में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और गृहस्थी का सामान धू-धू कर जलने लगा। आग लगने पर परिवार के लोगों द्वारा शोर मचाया गया, जिस पर मोहल्ले के लोग मौके पर पहुंचे और किसी तरह घर के अंदर सो रहे बच्चों व अन्य लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। हालांकि तब तक घर में रखा सारा सामान जलकर खाक हो चुका था। पीड़ित मनीष कुमार ने बताया कि घटना की सूचना राजस्व विभाग को दे दी गई है। सूचना पर मौके पर क्षेत्रीय लेखपाल पहुंचकर क्षति का आकलन किया।