देवल, ब्यूरो चीफ,सोनभद्र। उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की सदस्य गीता विश्वकर्मा ने बुधवार को सर्किट हाउस सभागार में महिला उत्पीड़न से संबंधित शिकायतों की जनसुनवाई कीं। इस दौरान बड़ी संख्या में महिलाओं ने अपनी समस्याएं एवं शिकायतें महिला आयोग की सदस्य
के समक्ष प्रस्तुत किया। सदस्या ने प्रत्येक शिकायत को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को प्रकरणों का प्रभावी एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के स्पष्ट निर्देश दिए।
आयोग की सदस्य ने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान एवं न्याय प्रदेश सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है और किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। जनसुनवाई में घरेलू हिंसा, दहेज उत्पीड़न, मानसिक प्रताड़ना, साइबर उत्पीड़न सहित विभिन्न मामलों पर विस्तार से चर्चा की गई। इस अवसर पर सदस्य ने महिलाओं को साइबर अपराध से बचाव के संबंध में भी महत्वपूर्ण जानकारी दी। उन्होंने बताया कि सोशल मीडिया, मोबाइल फोन एवं इंटरनेट के माध्यम से होने वाले अपराधों से सतर्क रहना अत्यंत आवश्यक है तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तत्काल सूचना पुलिस विभाग को दें। कहा कि महिला उत्पीड़न अथवा किसी भी प्रकार की सहायता के लिए महिलाएं महिला हेल्पलाइन नंबर 1090, आपातकालीन सेवा 112 एवं साइबर अपराध हेल्पलाइन 1930, कानूनी सलाह के लिए 15100, महिलाओं के स्वास्थ्य संबंधित समस्या के लिए एम्बुलेंस 102, आपात कालीन सेवा के लिए 108 पर संपर्क कर सकती हैं। उन्होंने महिलाओं से निर्भीक होकर आगे आने और अपनी शिकायत दर्ज कराने का आह्वान किया। मौके पर पुलिस क्षेत्राधिकारी अजीत कुमार, जिला समाज कल्याण अधिकारी ज्ञानेन्द्र सिंह भदौरिया, जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी विद्या देवी, प्रोबेशन अधिकारी इन्द्रावती यादव, अपर जिला सूचना अधिकारी विनय कुमार सिंह आदि मौजूद रहे।
.jpeg)