देवल, ब्यूरो चीफ,सोनभद्र। उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार संगठन एवं मणी स्पेशियलिटी अस्पताल के संयुक्त तत्वाधान में निःशुल्क चिकित्सा शिविर का आयोजन मणी हॉस्पिटल में किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ वरिष्ठ समाजसेवी धर्मराज सिंह ने फीता काटकर किया। कैंप सुबह 9 बजे से 4 बजे तक चला।
कैंप में डॉ अशोक यादव एवं डॉ पीके रंजन मरीजों की जांच कर उचित परामर्श दिया। कैंप के दौरान एक ओर जहां शुगर जांच, 2डी इको, लिपिड प्रोफाइल सहित कई जांच निशुल्क किए गए, वहीं दूसरी ओर लगभग 150 मरीजों को ओपीडी से लाभान्वित किया गया। संगठन के जिला अध्यक्ष कौशल शर्मा ने कहा कि स्वास्थ्य, जीवन की सबसे बड़ी पूंजी है, यदि शरीर स्वस्थ है तभी मन, परिवार, व्यापार, और समाज स्वस्थ रह सकता है। आज की भाग दौड़ भरी जिंदगी में हम अक्सर अपने स्वास्थ्य को नजर अंदाज कर देते हैं और बीमारी होने पर ही डॉक्टर के पास जाते हैं। इसी कमी को दूर करने के उद्देश्य से इस निशुल्क मेडिकल कैंप का आयोजन किया गया है, ताकि समय रहते रोग की पहचान हो सके और लोगों को सही परामर्श मिल सके। कहा कि व्यापार संगठन केवल व्यापार और आर्थिक गतिविधियों तक सीमित नहीं है, उनका संगठन हमेशा यह मानता रहा है कि व्यापार के साथ-साथ समाज सेवा भी हमारा कर्तव्य है। जब समाज स्वस्थ रहेगा तभी व्यापार फले फूलेगा और राष्ट्र सशक्त बनेगा। कहा कि मैं विशेष रूप से मणि हॉस्पिटल के समर्पित चिकित्सकों नर्सिंग स्टाफ एवं तकनीकी टीम का अभिनंदन करना चाहता हूं जिन्होंने अपने बहुमूल्य समय में से समय निकालकर इस शिविर को सफल बनाने में सहयोग दिया। मौके पर नगर अध्यक्ष प्रशांत जैन, जिला महामंत्री प्रितपाल सिंह, जिला कोषाध्यक्ष शरद जायसवाल, वरिष्ठ जिला उपाध्यक्ष धर्मराज सिंह, राजेश जायसवाल, राजू, रवि जायसवाल, टीपू अली, दीप सिंह पटेल, विनोद जायसवाल, नगर महामंत्री जसकीरत सिंह, नगर संयोजक अमित अग्रवाल, सुनील सरोज, सुनील सोनी, प्रतीक आदि रहे।
