आमिर, देवल ब्यूरो ,जलालपुर,जौनपुर क्षेत्र के खालिसपुर खुर्द स्थित कुटीर चक्के के हडिया बाबा मंदिर परिसर में वरिष्ठ नागरिक सेवा समिति द्वारा एक नि:शुल्क स्वास्थ्य परीक्षण एवं नेत्र जांच शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रेहटी और आर.जे. शंकर नेत्र चिकित्सालय, वाराणसी की संयुक्त स्वास्थ्य टीमों ने क्षेत्रवासियों का स्वास्थ्य परीक्षण किया।
शिविर में आए नागरिकों की आंखों की जांच के साथ-साथ बीपी, शुगर एवं अन्य सामान्य स्वास्थ्य संबंधी परीक्षण कुशल चिकित्सकों और फार्मासिस्टों की देखरेख में किए गए। वरिष्ठ नागरिक संगठन के सदस्य चंद्रभूषण दुबे ने बताया कि यह स्वास्थ्य शिविर क्षेत्र के सभी लोगों के लिए लगाया गया था, ताकि ग्रामीणों को निःशुल्क स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ मिल सके।
उन्होंने बताया कि वरिष्ठ नागरिक सेवा समिति द्वारा प्रति वर्ष इस तरह के स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन किया जाता है, जिससे क्षेत्र के जरूरतमंद लोगों को समय-समय पर स्वास्थ्य जांच की सुविधा मिलती रहे। शिविर में बड़ी संख्या में लोगों ने पहुंचकर अपना स्वास्थ्य परीक्षण कराया और चिकित्सकों से परामर्श लिया।
इस दौरान उपस्थित चिकित्सकों ने बताया कि क्षेत्र के सैकड़ों नागरिकों ने शिविर में आकर अपनी जांच कराई। उन्होंने लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने, नियमित जांच कराने और समय पर उपचार लेने की सलाह भी दी।
कार्यक्रम में प्रोफेसर धारणीधर दुबे, पूर्व कुलपति ब्रह्मा देव दुबे, प्रहलाद मिश्र, डॉ. विजय मौर्य, सुभाष मिश्र, कैलाश नाथ मिश्र सहित क्षेत्र के अनेक गणमान्य नागरिक और ग्रामीण उपस्थित रहे। शिविर के सफल आयोजन को लेकर क्षेत्रवासियों ने समिति और स्वास्थ्य टीमों के प्रति आभार व्यक्त किया।