आमिर, देवल ब्यूरो ,जौनपुर। वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय के इंजीनियरिंग संस्थान में बीटेक की पढ़ाई कर रहे छात्र आदित्य तिवारी को देश की प्रतिष्ठित कंपनी अमेजन की ओर से जॉब ऑफर मिलने पर विश्वविद्यालय परिसर में खुशी का माहौल है। कंप्यूटर साइंस इंजीनियरिंग के अंतिम वर्ष के छात्र आदित्य ने अपनी प्रतिभा और तकनीकी दक्षता के बल पर यह उपलब्धि हासिल की है।
मूल रूप से बलिया जिले के निवासी आदित्य तिवारी को यह जॉब ऑफर ऑफ-कैंपस इंटरव्यू के माध्यम से प्राप्त हुआ है। अमेजन कंपनी द्वारा उनका पांच चरणों में साक्षात्कार लिया गया, जिसमें उनके तकनीकी ज्ञान, समस्या समाधान क्षमता और प्रोजेक्ट कार्यों को परखा गया। सभी चरणों में उत्कृष्ट प्रदर्शन के बाद कंपनी ने उन्हें नौकरी का प्रस्ताव दिया।
आदित्य पहले भी कई तकनीकी प्रोजेक्ट्स पर काम कर चुके हैं, जिससे उन्हें अपने क्षेत्र में अनुभव और पहचान मिली। इससे पहले उनका चयन आईबीएम कंपनी में इंटर्नशिप के लिए भी हो चुका है, जहां उन्होंने अपने कौशल को और निखारा। वर्तमान में आदित्य विश्वविद्यालय में संचालित आई ट्रिपल ई (IEEE) स्टूडेंट ब्रांच के चेयर के रूप में भी जिम्मेदारी निभा रहे हैं।
अपनी सफलता का श्रेय आदित्य ने अपने शिक्षकों और विभागाध्यक्ष के मार्गदर्शन को दिया। उन्होंने कहा कि संस्थान में मिले सहयोग और सही दिशा-निर्देशन के कारण ही वे इस मुकाम तक पहुंच सके हैं।
इंजीनियरिंग संस्थान के संकायाध्यक्ष प्रो. सौरभ पाल और कंप्यूटर साइंस विभागाध्यक्ष डॉ. विक्रांत भटेजा ने आदित्य को इस उपलब्धि पर बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. वंदना सिंह ने भी इस सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए विभाग के शिक्षकों के कुशल मार्गदर्शन की सराहना की और आदित्य को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि आदित्य की यह उपलब्धि अन्य छात्रों के लिए प्रेरणास्रोत बनेगी।