आमिर, देवल ब्यूरो ,सरायख्वाजा ,जौनपुर। सरायख्वाजा थाना क्षेत्र मेंन स्थित जौनपुर-शाहगंज मार्ग पर सोमवार की रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार ग्राम प्रधान की मौत हो गई। घटना पूर्वांचल विश्वविद्यालय चौकी के पास रात करीब 11 बजे की है, जहां किसी अज्ञात वाहन ने जोरदार टक्कर मारते हुए उन्हें कुचल दिया और मौके से फरार हो गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है, जबकि घटना को लेकर क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं भी हो रही हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार खम्भौरा गांव निवासी 52 वर्षीय ग्राम प्रधान डॉ. रामजन्म यादव शहर से अपने घर बाइक से लौट रहे थे। जैसे ही वह जौनपुर-शाहगंज मार्ग पर पूर्वांचल विश्वविद्यालय चौकी के पास पहुंचे, तभी पीछे से आए किसी तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि वह सड़क पर गिर पड़े और वाहन उन्हें कुचलते हुए मौके से फरार हो गया।
घटना के बाद आसपास मौजूद पुलिसकर्मी और स्थानीय लोग तुरंत मौके पर पहुंचे। गंभीर हालत में उन्हें आनन-फानन में जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
उधर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और फरार वाहन की तलाश में जुट गई है। पुलिस का कहना है कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से वाहन की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।
परिजनों ने इस घटना को लेकर साजिश की आशंका भी जताई है। उनका कहना है कि यह केवल एक हादसा नहीं बल्कि सोची-समझी साजिश भी हो सकती है। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है।
डॉ. रामजन्म यादव अपने क्षेत्र में काफी मिलनसार और लोकप्रिय व्यक्ति के रूप में जाने जाते थे। वह लोगों की हर संभव मदद करते थे और निजी प्रैक्टिस के माध्यम से गरीब और जरूरतमंदों का इलाज भी करते थे। उनके सेवा भाव और सामाजिक कार्यों के चलते वह कई बार ग्राम प्रधान चुने गए थे। उनके निधन से क्षेत्र में गहरा शोक व्याप्त है और लोगों ने इसे समाज के लिए अपूरणीय क्षति बताया है।