आमिर, देवल ब्यूरो ,जौनपुर। जिले में संचालित उत्तर प्रदेश मदरसा बोर्ड परीक्षाओं के दौरान गंभीर अनियमितता सामने आने पर प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। उप निदेशक अल्पसंख्यक कल्याण विभाग वाराणसी विजय प्रताप यादव ने घोर लापरवाही पाए जाने पर एक सहायक केंद्र व्यवस्थापक के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने का निर्देश दिया है।
गौरतलब है कि 9 फरवरी से उत्तर प्रदेश मदरसा बोर्ड की परीक्षाएं शुरू हो चुकी हैं। इसी क्रम में सोमवार को उप निदेशक विजय प्रताप यादव ने जौनपुर जिले के मझगवा कला स्थित परीक्षा केंद्र का आकस्मिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान सहायक केंद्र व्यवस्थापक इद्रीश अहमद खान परीक्षा केंद्र से अनुपस्थित पाए गए, जिससे परीक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए।
जांच में यह भी सामने आया कि संबंधित सहायक केंद्र व्यवस्थापक परीक्षा के पहले दिन से ही केंद्र पर उपस्थित नहीं हुए थे। इसे अत्यंत गंभीर लापरवाही मानते हुए उप निदेशक ने इसे परीक्षा की निष्पक्षता और सुचिता के साथ सीधा खिलवाड़ बताया। उन्होंने मौके पर ही जिला अल्पसंख्यक अधिकारी को निर्देश देते हुए कहा कि संबंधित सहायक केंद्र व्यवस्थापक के खिलाफ तत्काल एफआईआर दर्ज कराई जाए।
उप निदेशक विजय प्रताप यादव ने स्पष्ट कहा कि मदरसा बोर्ड की परीक्षाओं को नकलविहीन और पारदर्शी तरीके से संपन्न कराना शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही या अनियमितता को कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि परीक्षा व्यवस्था में बाधा डालने या जिम्मेदारी से बचने वाले कर्मचारियों के खिलाफ सख्त और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
इस कार्रवाई के बाद जिले के अन्य परीक्षा केंद्रों पर भी सतर्कता बढ़ा दी गई है, ताकि परीक्षाएं पूरी पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ संपन्न हो सकें।