देवल संवाददाता, मऊ। राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई, रामबचन सिंह राजकीय महिला महाविद्यालय, बगली पिजड़ा, मऊ द्वारा संचालित सात दिवसीय विशेष शिविर के अंतर्गत आज श्रमदान कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान स्वयं सेविकाओं ने परिसर एवं आसपास के क्षेत्र में स्वच्छता अभियान चलाकर साफ-सफाई की तथा स्वच्छ वातावरण के महत्व का संदेश दिया। श्रमदान के माध्यम से छात्राओं ने समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी का परिचय दिया और स्वच्छता को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का संकल्प लिया।
शिविर के शैक्षणिक एवं सांस्कृतिक सत्र के अंतर्गत मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित डॉ. हेमंत कुमार यादव, जिला परियोजना अधिकारी, मऊ ने स्वयं सेविकाओं को नदी स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक रहने की अपील की। उन्होंने राष्ट्रीय सेवा योजना के उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि सामाजिक समस्याओं के समाधान की शुरुआत परिवार से होती है, जो आगे चलकर समाज, ग्राम और जनपद तक प्रभाव डालती है। उन्होंने छात्राओं से आह्वान किया कि वे स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक सहभागिता के माध्यम से राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाएं।कार्यक्रम का संचालन डॉ. अवनीन्द्र कुमार पाण्डेय कार्यक्रम अधिकारी द्वारा किया गया। अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. रमेश कुमार ने की। स्वागत भाषण डॉ. पवन कुमार सिंह, कार्यक्रम अधिकारी ने प्रस्तुत किया। इस अवसर पर डॉ. छविनाथ प्रसाद की गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम के अंत में धन्यवाद ज्ञापन डॉ. दीपक पराशर, सहायक अध्यापक द्वारा किया गया।सांस्कृतिक सत्र के अंतर्गत छात्रा आकांक्षा चौहान, रानी खातून, संजना शर्मा, खुशबू सिंह, अर्चना चौहान एवं गुंजा चौहान ने गीत, कविता एवं नृत्य की आकर्षक प्रस्तुतियां देकर उपस्थित जनों को भावविभोर कर दिया।कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ। विशेष शिविर के इस आयोजन ने छात्राओं में सेवा, अनुशासन एवं सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना को सुदृढ़ किया।