तेजल हसबनीस की फिफ्टी के बाद प्रेमा रावत की कमाल की गेंदबाजी के चलते इंडिया ए विमंस टीम ने बांग्लादेश ए विमंस टीम को एसीसी विमंस एशिया कप राइजिंग स्टार्स 2026 के फाइनल में 46 रन से मात दी।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम ने 20 ओवर में 7 विकेट के नुकसान पर 134 रन बनाए थे। जवाब में बांग्लादेश टीम 19.1 ओवर में 88 रन ही बना सकी।
भारत की खराब शुरुआत
पहले बैटिंग करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत खराब रही और टीम ने 44 के स्कोर पर 4 विकेट गंवा दिए थे। ओपनर वृंदा दिनेश ने 19 तो नंदिनी कश्यप ने 15 गेंदों पर 8 रन बनाए। नंदिनी 7वें ओवर की पहली गेंद पर रन आउट हुईं। अगली ही गेंद पर फरजाना ईस्मीन ने मीनू मणि को गोल्डन डक पर पवेलियन भेज दिया। लगातार 2 झटकों से भारतीय टीम उबर ही पाई थी कि फहिमा खातून ने अनुष्का शर्मा को बोल्ड कर दिया।
तेजल-राधा की साझेदारी
टॉप ऑर्डर के लड़खड़ाने के बाद कप्तान राधा यादव ने तेजल हसबनीस के साथ मिलकर भारत को मजबूती दी। दोनों के बीच 50 गेंदों पर 69 रनों की अहम साझेदारी हुई। बांग्लादेश की कप्तान फहिमा खातून ने राधा का विकेट लेकर इस साझेदारी को तोड़ा। भारतीय कप्तान ने 3 चौकों और 1 छक्के की मदद से 30 गेंदों पर 36 रन बनाए। इसके बाद तनुजा ने 1 और प्रेमा रावत ने 4 रन बनाए।
तेजल ने बनाए 51 रन
तेजल हसबनीस अंत तक नाबाद रहीं। उन्होंने 34 गेंदों पर नाबाद 51 रन बनाए। अपनी इस पारी में उन्होंने 3 चौके और 2 छक्के लगाए। बांग्लादेश की कप्तान फहिमा खातून ने कमाल की गेंदबाजी की। उन्होंने अपने कोटे के 4 ओवर में 25 रन देकर 4 विकेट चटकाए। 135 रन चेज करने उतरी बांग्लादेश की 19.1 ओवर में 88 रन पर ढेर हो गई।
प्रेमा ने की किफायती गेंदबाजी
बांग्लादेश की ओर से विकेटकीपर बल्लेबाज शमीमा सुल्ताना ने सबसे ज्यादा 20 रन की पारी खेली। उनके अलावा सरमीन सुल्ताना ने 18, कप्तान फहिमा खातून ने 14 और सादिया एक्टर ने 10 रन बनाए। इनके अलावा कोई भी बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा नहीं छू सकी। भारत की ओर से प्रेमा रावत ने 4 ओवर में सिर्फ 12 रन देकर 3 विकेट चटकाए। साथ ही तनुजा कंवर और सोनिया मेंढिया के खाते में 2-2 विकेट आए।