देवल संवाददाता, आजमगढ। कलेक्ट्रेट सभागार में उप जिला निर्वाचन अधिकारी राहुल विश्वकर्मा की अध्यक्षता में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक हुई।
बैठक में विशेष गहन पुनरीक्षण-2026 के तहत हर विधानसभा में मतदाता डेटा सुधार पर ज़ोर दिया गया।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि 1 जनवरी 2026 की अर्हता तिथि के आधार पर जनपद की 10 विधानसभाओं की मतदाता सूची का आलेख्य प्रकाशन 6 जनवरी को किया गया है। वर्तमान सूची में 17,19,537 पुरुष, 14,28,063 महिला और 52 अन्य, कुल 31,47,652 मतदाता दर्ज हैं।
घर-घर सर्वे में 1,02,383 मृतक, 2,63,695 शिफ्टेड, 47,984 डुप्लीकेट, 1,23,984 अनुपस्थित और 1,58,627 नो-मैपिंग मतदाता पाए गए हैं। नो-मैपिंग मतदाताओं को नोटिस जारी कर दस्तावेजों के आधार पर सत्यापन कराया जाएगा।
दावे-आपत्तियां 6 जनवरी से 6 फरवरी 2026 तक ली जाएंगी, जबकि 6 मार्च 2026 को मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन होगा। 11 जनवरी को सभी मतदान केंद्रों पर बीएलओ द्वारा मतदाता सूची का वाचन किया जाएगा।
राजनीतिक दलों से अपील की गई कि बढ़े 518 नए बूथों पर बीएलए नियुक्त करें और पात्र मतदाताओं से अधिक से अधिक फार्म-6 भरवाएं, ताकि हर विधानसभा में गलत डेटा सुधारा जा सके।