देवल संवादाता,वाराणसी। वीबी जी राम जी योजना को लेकर वाराणसी में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। बीती रात प्रदेश नेतृत्व के आह्वान पर पीएमओ घेरने का निर्णय लिया गया था। इसे लेकर पुलिस ने दर्जनों नेताओं को उनके घर में ही नजरबंद कर दिया। दरवाजे के बाहर देर रात पुलिस तैनात हो गई थी।
कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय के नेतृत्व में सैकड़ों कार्यकर्ता धरने पर बैठ गए। अजय राय ने कहा कि मनरेगा पर नए कानून बनाकर काम करने का अधिकार तथा न्यूनतम मजदूरी के अधिकार को छीनने का प्रयास किया गया है।
इसी क्रम में एनएसयूआई के पूर्व इकाई अध्यक्ष राजीव नयन का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वह बोल रहे हैं कि रविवार की सुबह 11 बजे मनरेगा बचाओ मार्च का आह्वान था, लेकिन उससे पहले ही यूपी पुलिस ने मुझे हाॅस्टल से अरेस्ट कर पुलिस थाने ले आई है। तमाम एनएसयूआई के साथियों की गिरफ्तारी हो रही है। कहा कि उन्हें अपराधियों की तरह खोजा जा रहा है।
रविवार की सुबह पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने टीम के साथ बीएचयू परिसर में पैदल मार्च किया। शहर की शांति व्यवस्था बनी रहे इसके लिए अपील करते नजर आए। दूसरी तरफ, पीएमओ के बाहर भी पुलिस की टुकड़ियां तैनात रहीं। प्रधानमंत्री के संसदीय कार्यालय पर कांग्रेस द्वारा विरोध-प्रदर्शन से पूर्व जबरदस्त चेकिंग अभियान चला। ड्रोन से निगरानी की जा रही थी।