आमिर, देवल ब्यूरो ,जौनपुर। आज दिनांक 11 जनवरी 2026 को थाना सरायख्वाजा पुलिस को एक गंभीर तहरीर प्राप्त हुई, जिसमें बताया गया कि थाना क्षेत्र अंतर्गत एक नाबालिग पीड़िता के साथ दिनांक 06 जनवरी 2026 को तीन युवकों द्वारा सामूहिक दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल संज्ञान लेते हुए आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी।
प्राप्त तहरीर के आधार पर थाना सरायख्वाजा पर संबंधित धाराओं में अभियोग पंजीकृत किया गया। इसके उपरांत पीड़िता को तत्काल चिकित्सीय परीक्षण एवं उपचार के लिए सदर अस्पताल जौनपुर भेजा गया, जहां चिकित्सकों द्वारा उसका उपचार कराया गया। उपचार उपरांत पीड़िता को सकुशल उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।
पुलिस द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए नामजद तीन अभियुक्तों में से दो अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया गया है, जिनसे गहन पूछताछ की जा रही है। वहीं तीसरे फरार अभियुक्त की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की विशेष टीम गठित कर रवाना कर दी गई है, जो संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले की विवेचना पूरी निष्पक्षता एवं गंभीरता के साथ की जा रही है। पीड़िता को न्याय दिलाने के लिए सभी आवश्यक कानूनी प्रक्रियाओं का पालन किया जा रहा है तथा दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। जनपद पुलिस ने आमजन से शांति बनाए रखने और किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है।