देवल संवाददाता, आजमगढ़। जिले के मेंहनगर थाना क्षेत्र में सोशल मीडिया के दुरुपयोग का एक गंभीर मामला सामने आया है, जहां एक महिला की फोटो पर अश्लील टिप्पणी कर उसे वायरल करने वाले अभियुक्त को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। मामले में आईटी एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है।
बीते चार जनवरी को थाना मेंहनगर पर एक महिला ने तहरीर देकर शिकायत की थी कि किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा उनके नाम से फर्जी इंस्टाग्राम आईडी बनाकर उनकी फोटो पर अश्लील टिप्पणी की जा रही है और उसे सोशल मीडिया पर वायरल किया जा रहा है। तहरीर के आधार पर थाना मेंहनगर पर सुसंगत धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।
रविवार को उप निरीक्षक जयप्रकाश यादव पुलिस टीम के साथ क्षेत्र में मौजूद थे। इसी दौरान मुखबिर खास की सूचना पर मुकदमे से संबंधित वांछित अभियुक्त मनीष कुमार को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी करते हुए अभियुक्त का चालान माननीय न्यायालय भेज दिया है।