देवल, ब्यूरो चीफ,सोनभद्र। कोन थाना अंतर्गत चकरिया चौकी क्षेत्र के अमिला धाम घाटी में सवारियों से भरी आटो पलटने से एक महिला की मौत हो गई। जबकि इस हादसे में घायल करीब एक दर्जन से अधिक यात्रियों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने वस्तु स्थिति का जायजा लेने के बाद शव को कब्जे में लेकर अंत्य परीक्षण के लिए भेज दिया।
जानकारी के अनुसार रामपुर बरकोनिया थाना क्षेत्र से आटो पर एक दर्जन से अधिक लोग सवार होकर अमिला धाम घाटी होते हुए बागेसोती खलियारी की तरफ जा रहे थे। घाटी में उबड़-खाबड़ रास्ता होने के साथ ही वाहन पर क्षमता से अधिक सवारियों को बैठाए जाने से आटो अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में 35 वर्षीय बिगनी देवी की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, आटो सवार पूजा उम्र 35 वर्ष, देवकी उम्र 40 वर्ष, शंकर उरांव उम्र 50 वर्ष, रंजीता, नंदनी, अनुपा, राजेश, अवधेश, निशा, अमरावती आदि लोग घायल हो गए। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने वस्तु स्थिति का जायजा लेने के बाद सभी घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी में भर्ती कराया। बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
