देवल, ब्यूरो चीफ,सोनभद्र। साइबर अपराधों की रोकथाम तथा आमजन को डिजिटल सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन में वृहस्पतिवार को समस्त थानों द्वारा साइबर जागरूकता अभियान संचालित किया गया। इस अभियान के अंतर्गत थाना क्षेत्रों में विद्यालयों, महाविद्यालयों, बाजारों, ग्राम सभाओं एवं अन्य सार्वजनिक स्थलों पर आमजन को साइबर अपराधों जैसे ऑनलाइन फ्रॉड, फर्जी कॉल, ओटीपी साझा करने, फर्जी लिंक, सोशल मीडिया ठगी, एटीएम, बैंकिंग धोखाधड़ी आदि के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई। पुलिस कर्मियों द्वारा लोगों को बताया गया कि किसी भी अज्ञात कॉल, मैसेज या लिंक पर भरोसा न करें, अपनी व्यक्तिगत व बैंकिंग जानकारी किसी के साथ साझा न करें तथा साइबर अपराध की स्थिति में तत्काल 1930 साइबर हेल्पलाइन अथवा नजदीकी पुलिस थानाध्साइबर क्राइम पुलिस थाना से संपर्क करें। अभियान के दौरान आमजन को साइबर सुरक्षा से संबंधित पंपलेट वितरित किए गए एवं डिजिटल सतर्कता अपनाने हेतु प्रेरित किया गया। इस अवसर पर थाना प्रभारीगण सहित संबंधित पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे।
