देवल, ब्यूरो चीफ,सोनभद्र। शक्तिनगर थाना का गत बुधवार की देर शाम पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने थाना परिसर का भ्रमण कर साफ सफाई का निरीक्षण करने के बाद अभिलेखों के रख-रखाव की स्थिति का जायजा लिया।
एसपी ने थाना परिसर में प्रवेश कर समग्र साफ-सफाई, अनुशासन, व्यवस्था एवं कार्यशीलता के साथ ही मिशन शक्ति केन्द्र का निरीक्षण किया। केन्द्र पर तैनात महिला आरक्षियों से वार्ता कर एसपी ने उनसे महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान एवं सशक्तिकरण के लिए संचालित गतिविधियों की जानकारी प्राप्त की। बाद उन्होंने शिकायत रजिस्टर, काउंसलिंग कक्ष, महिला सहायता डेस्क एवं संपर्क साधनों की स्थिति देखी। निर्देश दिए कि प्रत्येक महिला फरियादी के प्रति पुलिस का व्यवहार पूर्णतः संवेदनशील, सहानुभूतिपूर्ण व सहयोगी होना चाहिए। उन्होंने कहा कि मिशन शक्ति केन्द्र महिलाओं के आत्मविश्वास का प्रतीक है। यहां आने वाली प्रत्येक महिला को यह महसूस होना चाहिए कि पुलिस उसके साथ है। तत्पश्चात एसपी ने बैरक एवं मेस का निरीक्षण किया। यहां उन्होंने साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने का फरमान जारी किया। कहा कि पुलिस कर्मियों की बेहतर सुविधा और स्वास्थ्य उनकी कार्यक्षमता का आधार है। थाना कार्यालय, अभिलेखागार, मालखाना, हवालात व शस्त्रागार का अवलोकन कर अभिलेखों के रख-रखाव, समयबद्ध प्रविष्टि एवं दस्तावेजों की सुव्यवस्था की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने लंबित प्रकरणों के शीघ्र निस्तारण एवं प्रत्येक कार्य में पारदर्शिता बनाए रखने का निर्देश दिया। वर्तमान में संचालित अभियानों मसलन मिशन शक्ति, यातायात माह, नशा उन्मूलन, साइबर क्राइम जागरूकता एवं अपराध नियंत्रण अभियान की प्रगति की समीक्षा की। कहा कि सभी अभियान जनहित से जुड़े हैं. लिहाजा प्रत्येक कर्मी को जागरूकता, जनसंवाद और निष्ठा के साथ कार्य करना चाहिए। एसपी ने
समस्त पुलिस कर्मियों को अपने कार्यों में कर्तव्यपरायणता, अनुशासन एवं जनसेवा की भावना बनाए रखने के लिए प्रेरित किया। कहा कि जनता का विश्वास पुलिस की सबसे बड़ी पूंजी है, इसे समर्पण और संवेदनशीलता से बनाए रखना हम सभी की जिम्मेदारी है।
.jpeg)