देवल संवाददाता, आज़मगढ़। जिले के कप्तानगंज थाना क्षेत्र में बारातियों की भीड़ के बीच लाइसेंसी बंदूक से हर्ष फायरिंग कर दहशत फैलाने वाले व्यक्ति को कप्तानगंज पुलिस ने रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया।
रविवार देर रात पुलिस गश्त के दौरान उपनिरीक्षक विजय सिंह गौड़ को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम तमरूआ में चल रही एक बारात में एक व्यक्ति खुलेआम फायरिंग कर रहा है, जिससे किसी बड़ी दुर्घटना की आशंका है।
सूचना मिलते ही पुलिस सक्रिय हुई और का० अखिलेश कुमार, इरफान अली तथा प्रमोद कुमार को साथ लेकर टीम तुरंत मौके पर पहुँची। पुलिस को देखते ही उक्त व्यक्ति ने भागने की कोशिश की, लेकिन सतर्क पुलिसकर्मियों ने उसे लगभग वहीं दबोच लिया।
पुलिस ने मौके से लाइसेंसी बंदूक, कारतूस और लाइसेंस बरामद किया। वहीं हर्ष फायरिंग की वीडियोग्राफी कांस्टेबल अखिलेश कुमार द्वारा की गई, जिसे साक्ष्य के रूप में संरक्षित किया गया है।
