देवल संवाददाता, बलिया ,बिहार विधानसभा चुनाव में एनडीए गठबंधन की प्रचंड बढ़त के बाद बलिया में जश्न का माहौल देखा गया। प्रदेश सरकार के पूर्व मंत्री और बिहार के दरभंगा लोकसभा क्षेत्र के प्रभारी उपेंद्र तिवारी के आवास पर कार्यकर्ताओं ने मिठाई खिलाकर और आतिशबाजी कर खुशी मनाई।
कार्यकर्ताओं ने इस जीत का श्रेय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, चिराग पासवान और जीतनराम मांझी सहित एनडीए गठबंधन के शीर्ष नेताओं को दिया।
उल्लेखनीय है कि उपेंद्र तिवारी पार्टी संगठन के निर्देश पर बिहार विधानसभा चुनाव में लगातार दो महीने तक अपनी टीम के साथ प्रचार में रहे। उन्होंने पहले दरभंगा लोकसभा क्षेत्र और उसके बाद सीतामढ़ी लोकसभा क्षेत्र में भी कड़ी मेहनत की।
भजन गायिका मैथिली ठाकुर की अलीनगर सीट भी उन्हीं के प्रभार क्षेत्र में थी। इस सीट पर सभी पार्टियों ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी थी, और तेजस्वी यादव भी लगातार वहां सक्रिय रहे थे। इसके बावजूद, कुशल रणनीति के कारण मैथिली ठाकुर ने बढ़त बनाई और जीत हासिल की। श्री तिवारी ने मंडल स्तर पर प्रवासी कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी देकर इस सीट की कमान पूरी तरह से संभाली थी, और पार्टी की यह रणनीति सफल रही।
श्री तिवारी ने कहा कि बिहार विधानसभा चुनाव के परिणामों ने साबित कर दिया है कि जनता ने प्रधानमंत्री मोदी, अमित शाह और नीतीश कुमार की जोड़ी पर विश्वास व्यक्त किया है। उन्होंने जोर देकर कहा कि बिहार के लोगों ने सुशासन और विकास को चुना है, और महागठबंधन की अराजकता एवं भ्रष्टाचार को एक बार फिर खारिज कर दिया है। उन्होंने आगे कहा, "यह बिहार की जनता की जीत है, अब बंगाल की बारी है, उसके बाद फिर से यूपी हमारी है।"
इस अवसर पर बधाई देने वालों में टैगोर नगर के सभासद सुमित मिश्रा गोलू, पूर्व जिला मीडिया प्रभारी राकेश चौबे भोला, सोना सिंह, रिंकल सिंह, सोनू सिंह, अमित तिवारी, पूर्व प्रधान सुधीर सिंह, कमलेश पांडे, भरत राय, ब्रजेश राय, राजेंद्र गुप्ता, राहुल राय सहित कई अन्य लोग उपस्थित रहे। फोन पर बधाई देने वालों में जिला उपाध्यक्ष उपेंद्र पांडे, पूर्व जिला महामंत्री नंदलाल सिंह, अंजनी राय विधानसभा संयोजक टुनटुन उपाध्याय, मंडल अध्यक्ष मोती चंद गुप्ता, उमेश सिंह, आर्केश दुबे और प्रशांत राय बंटी शामिल थे।
