देवल संवाददाता, बलिया के ऐतिहासिक ददरी मेला 2025 में 16 नवंबर को भोजपुरी नाइट्स का आयोजन होगा। इस कार्यक्रम में भोजपुरी फिल्म अभिनेता और पूर्व सांसद दिनेश लाल यादव 'निरहुआ' तथा प्रसिद्ध अभिनेत्री आम्रपाली दुबे शामिल होंगी। यह कार्यक्रम शाम 7 बजे से मेला परिसर के भारतेन्दु मंच पर आयोजित किया जाएगा।
सीडीओ ओजस्वी राज ने बताया कि दोनों कलाकार अपने लोकप्रिय गीतों और प्रस्तुतियों से दर्शकों का मनोरंजन करेंगे। यह आयोजन भव्य रूप से किया जाएगा।
ददरी मेले में अन्य कई सांस्कृतिक और खेल कार्यक्रम भी निर्धारित हैं। 13 नवंबर को हॉकी प्रतियोगिता और 14 नवंबर को फुटबॉल प्रतियोगिता का आयोजन होगा। इसी दिन संत समागम भी होगा, जिसमें 25 से अधिक संप्रदायों के धर्मगुरु उपदेश देंगे और उनके शिष्य उपस्थित रहेंगे।
भोजपुरी नाइट्स के अलावा, 18 नवंबर को लोक संगीत कार्यक्रम, 20 नवंबर को मुशायरा और 23 नवंबर को लोक गायन व लोक नृत्य कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
इसके अतिरिक्त, 24 नवंबर को बलिया नाइट्स, 26 नवंबर को कॉमेडी नाइट्स और 28 नवंबर को कवि सम्मेलन होगा, जिसमें देश के जाने-माने कवि भाग लेंगे। 30 नवंबर को बॉलीवुड नाइट्स का आयोजन होगा।
