देवल संवाददाता, बलिया प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर सरदार वल्लभ भाई पटेल की 150वीं जयंती के उपलक्ष्य में बैरिया विधानसभा क्षेत्र में 'यूनिटी ऑफ रन' का आयोजन किया गया। रविवार को दोपहर 12 बजे शुरू हुई इस पदयात्रा में हजारों लोगों ने भाग लिया।
यह पदयात्रा देवराज ब्रह्म मोड़ से शुरू हुई। मुख्य अतिथि मणिकांत राय, राज्यसभा सांसद नीरज शेखर, पूर्व विधायक सुरेंद्रनाथ सिंह, भाजपा नेत्री विजयलक्ष्मी सिंह और हरि सिंह ने जुलूस का नेतृत्व किया। इनके साथ बड़ी संख्या में प्रधान, क्षेत्र पंचायत सदस्य और भाजपा कार्यकर्ता भी शामिल थे।
पदयात्री जूनियर हाई स्कूल कोटवा के मैदान पर पहुंचे और वहां से 'वंदे मातरम' तथा 'भारत माता की जय' के नारे लगाते हुए आगे बढ़े। यह यात्रा रानीगंज बाजार, बीवी टोला, शहीद स्मारक बैरिया और बैरिया तिराहा होते हुए तहसील मुख्यालय पहुंची।
तहसील मुख्यालय पर वरिष्ठ नेताओं ने सरदार वल्लभभाई पटेल के जीवन परिचय, उनके योगदान और सुदृढ़ भारत बनाने में उनकी भूमिका पर विस्तार से प्रकाश डाला। 'यूनिटी ऑफ रन' का विसर्जन लगभग 3 बजे तहसील से ही हुआ।
