देवल, ब्यूरो चीफ,म्योरपुर, सोनभद्र। मुर्धवा-बीजपुर मुख्य मार्ग पर ग्राम पंचायत रनटोला के रेलवे फाटक के पास बने बड़े-बड़े गड्ढे हादसे को दावत दे रहे है। रात के अंधेरे में बाइक व साइकिल सवार लोग उक्त गड्ढ़ों की वजह से आएदिन गिरकर चोटिल हो जा रहे हैं। स्कूली बच्चों को भी विद्यालय आने-जाने में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। शिकायत के बावजूद सड़क मरम्मत का कार्य शुरू न कराए जाने से क्षेत्रीय लोगों में वर्तमान व्यवस्था के प्रति आकोश है।
जनकारी के अनुसार मुर्धवा-बीजपुर मार्ग पर सड़क के बीचो-बीच बड़े-बड़े गड्ढे बन गए है। इस गड्डों की वजह से लोगों को आवागमन में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। यात्रा के दौरान सामने से भारी वाहन आने पर बाइक सवार लोग अक्सर गिरकर चोटिल हो जा रहे हैं। रेणुकूट काम पर प्रतिदिन जाने वाले राहगीर एवं ग्रामीणों का कहना है कि सड़क के बीच यह गड्डा लगातार गहरा होता जा रहा है, लेकिन अभी तक विभाग की ओर से कोई कार्रवाई नहीं की गई है। आपको बताते चले कि गुरुवार को एक राहगीर म्योरपुर से रेणुकूट की ओर जा रहे था। जैसे ही वह उक्त क्षतिग्रस्त सड़क के पास पहुंचा कि विपरीत दिशा से आ रही ट्रक से पास लेने के चक्कर में वह गिरकर घायल हो गया। ग्रामीणों ने संबंधित विभाग के अधिकारियों से उक्त क्षतिग्रस्त सड़क की मरम्मत कराए जाने की मांग किया है। क्षेत्रीय ग्रामीण बबई खरवार, अरविंद यादव, दिनेश जायसवाल, दीपक, राधे, रामजनम एवं सामाजिक कार्यकर्ता प्रशांत कुमार दुबे का कहना है कि मुर्धवा-बीजपुर मार्ग पर आए दिन सड़क दुर्घटना होती रहती है और यह गड्डा जिस जगह पर है उसके कुछ ही दूरी पर घुमावदार मोड़ भी है, जिसके कारण दुर्घटना की स्थिति ज्यादा बनी रहती है। यदि समय रहते इस पर ध्यान नहीं दिया गया और इस गहरे गड्डे को नहीं भरा गया, तो कभी भी बड़ी दुर्घटना हो सकती है।
.jpeg)