देवल संवाददाता, गोरखपुर ।छात्रसंघ से आंबेडकर चौक तक स्मार्ट रोड बनाने के दौरान फिलहाल नगर निगम की दुकानों को नहीं तोड़ा जाएगा। इसका दोबारा सर्वे कर दुकानदारों से समन्वय बनाते हुए इस राेड का निर्माण होगा। सोमवार को नगर निगम के सभागार में मेयर की अध्यक्षता में दुकानदारों संग हुई बैठक में यह निर्णय लिया गया।
दरअसल, छात्रसंघ से आंबेडकर चौक की सड़क को नगर निगम स्मार्ट रोड के तौर पर विकसित कर रहा है। इसके तहत सड़क की चौड़ाई करीब 24 मीटर होनी है। चौड़ीकरण की वजह से कचहरी बस स्टैंड के पास नगर निगम की 38 दुकानें भी जद में आ रही थीं। इसे लेकर निगम ने दुकान खाली करने का नोटिस दिया था। इसका विरोध करते हुए रविवार को दुकानदारों ने प्रदर्शन किया था।
इसके बाद सोमवार को नगर निगम सभागार में मेयर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव, कमिश्नर अनिल ढींगरा, डीएम दीपक मीणा ने दुकानदारों से बातचीत की। दुकानदार रतन शुक्ला ने कहा कि विकास कार्य के दौरान उनकी रोजी-रोटी का भी ख्याल रखा जाए। प्रियरंजन मिश्रा ने कहा कि वर्षों से व्यापार कर रहे हैं, दुकान टूटने से सड़क पर आ जाएंगे।
मनबोध मिश्रा ने कहा कि शहर के विकास के दौरान हम लोगों का भी ख्याल रखा जाए। नीरज सिंह ने बताया कि आंबेडकर चौक से शास्त्री चौक तक सड़क की जितनी चौड़ाई है, उतनी ही छात्रसंघ से आंबेडकर चौक तक की जाए।
इस पर मेयर डॉ. मंगलेश ने निर्देश दिए कि फिलहाल दुकानों को न तोड़ा जाए। इसका दोबारा सर्वे किया जाए। आश्वस्त किया कि दुकानदारों के साथ समन्वय स्थापित कर सड़क का निर्माण किया जाएगा।
