बाबा धाम में फूल बरसाकर श्रद्धालु और कांवड़ियों का स्वागत किया गया। धाम की सीसीटीवी से निगरानी हो रही है। श्रद्धालु जिग जैग बैरिकेडिंग से होकर बाबा का जलाभिषेक करने पहुंच रहे हैं
छह द्वार से श्रद्धालुओं के प्रवेश की व्यवस्था की गई है। रविवार शाम से ही कांवड़ियों के कदम बाबा धाम की ओर चल पड़े थे। बोल-बम का जयकारा लगाते हुए श्रद्धालुओं की टोली धाम में पहुंच रही है।
जलाभिषेक के लिए श्रद्धालु शाम से ही बैरिकेडिंग में कतारबद्ध हो गए। मंगला आरती के बाद धाम के कपाट आम श्रद्धालुओं के लिए खुल गए। श्रावण मास के पहले सोमवार को महादेव की चल प्रतिमा का शृंगार देखने के लिए श्रद्धालु उत्साहित दिखे।
मेयर अशोक तिवारी के नेतृत्व में सैकड़ों श्रद्धालु हाथों में लोटा लिए पैदल चलकर दश्वाश्मेध घाट पर स्नान के लिए पहुंचे। स्नान के बाद गंगा जल भरकर हर- हर महादेव का उद्घोष करते हुए काशी विश्वनाथ धाम पहुंचकर जलाभिषेक किया।