देवल, ब्यूरो चीफ,सोनभद्र। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केन्द्र सरकार के 11 वर्ष पूर्ण होने पर बुधवार को भाजपा जिला कार्यालय पर राज्यमंत्री संजीव कुमार गोंड़ ने पत्रकार वार्ता कर सरकार की उपलब्धियां गिनायी। राज्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने विकसित भारत के अमृत काल में सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण के विकास की नई यात्रा तय किया है। मोदी सरकार ने जनकल्याण और आम नागरिकों के जीवन को आसान करने के साथ ही देश को वैश्विक स्तर पर नए आयाम देने की भावना रही है। बीते 11 वर्षों में प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में मोदी सरकार ने सीमा सुरक्षित किया, अर्थव्यवस्था मजबूत किया और टेक्नोलॉजी को जन-जन तक पहुंचाया।
कहा कि भारत ने आपरेशन सिंदूर के जरिए पाकिस्तान के आतंकी ठिकानों और एयरबेस को ध्वस्त कर यह साबित कर दिया कि अब मोदी का यह नया भारत शांति की बातें नहीं बल्कि घर में घुसकर आतंक का सफाया भी करता है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की निर्णायक नीति, सुरक्षा बलों की सशक्त कार्रवाई और विकास की डबल रणनीति के कारण अब नक्सल प्रभावित जिला घटकर गिनती के रह गए हैं। नक्सल घटनाओं में 70 प्रतिशत की कमी आ गई है। आज भारत विश्व की चौथी बड़ी अर्थव्यवस्था बनने की ओर अग्रसर है। देश का वस्तु और सेवा निर्यात 825 अरब डॉलर तक पहुंचा है। मध्यम वर्ग के जीवन को आसान बनाना और अवसरों को भरपूर करना भाजपा सरकार का प्रथम दिन से लक्ष्य रहा है। इस प्रतिबद्धता का परिणाम नई कर व्यवस्था के तहत 12.75 लाख तक की आय पर टैक्स छूट है। मोदी सरकार में 99 गांव सड़क कनेक्टिविटी से जुड़ चुके हैं, देश में प्रतिदिन 34 किलोमीटर हाईवे का निर्माण हो रहा है। रेलवे बजट को 9 गुना बढ़ाया गया, 136 वंदे भारत ट्रेनें चल रही है। 103 अमृत भारत स्टेशन पुनर्निर्मित किए गए हैं। मोदी सरकार का संकल्प हवाई सफर को देश के आम नागरिक के लिए किफायती बनाना है। उड़ान योजना के तहत न सिर्फ हवाई अड्डों की संख्या 160 तक दोगुनी हुई, बल्कि आम आदमी के लिए हवाई सफर संभव हुआ है। देश के अन्नदाता ही भारत की ताकत हैं। 2025-26 में कृषि बजट को रिकॉर्ड 5 गुना बढ़ाया गया है। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के तहत 11 करोड़ से अधिक किसानों को 3.7 लाख करोड़ दिए गए हैं। प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना में अब तक 1.75 लाख करोड़ से अधिक का भुगतान किया जा चुका है। नारी शक्ति वंदन अधिनियम से लोकसभा और विधानसभाओं में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण मिला है। तीन तलाक खत्म किया गया। मातृत्व अवकाश 26 सप्ताह किया गया। 10 करोड़ से अधिक महिलाएं 90 लाख स्वयं सहायता समूहों से जुड़ीं और 3 करोड़ लखपति दीदी बनाने का लक्ष्य तय किया। मुद्रा योजना के तहत 35.38 करोड़ महिलाओं को 14.72 लाख करोड़ का ऋण का दिया गया है। प्रधानमंत्री मातृत्व वंदन योजना के तहत 3.98 करोड़ गर्भवती और स्तनपान करवाने वाली माताओं के लिए 18,593 करोड़ रुपए वितरित किए गए।
पत्रकार वार्ता में भाजपा जिलाध्यक्ष नन्दलाल गुप्ता, जिला प्रभारी अनिल सिंह, घोरावल विधायक अनिल कुमार मौर्या, अध्यक्ष नगर पालिका
राबर्ट्सगंज रुबी प्रसाद, जिला मिडिया प्रभारी अनूप तिवारी, ब्रिजेश श्रीवास्तव मौजूद रहे।